Dailyhunt
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जल्द आएंगे भिलाई : विधायक रिकेश ने खाद्य प्रसंस्करण और विकास योजनाओं पर की चर्चा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जल्द आएंगे भिलाई : विधायक रिकेश ने खाद्य प्रसंस्करण और विकास योजनाओं पर की चर्चा

भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन ने नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान विधायक सेन ने वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट साझा की और क्षेत्र के भविष्य के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा की।

​फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं पर जोर
मुलाकात का मुख्य केंद्र बिंदु भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देना रहा। विधायक रिकेश सेन ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है और भिलाई जैसे शहरी व औद्योगिक केंद्र में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से वैशाली नगर में लघु एवं मध्यम खाद्य उद्योगों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।

​चिराग पासवान ने की कार्यों की सराहना
​केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विधायक रिकेश सेन के सक्रिय नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुई अपनी मुलाकात और उस समय रिकेश सेन द्वारा निभाई गई भूमिका का स्नेहपूर्वक स्मरण किया। श्री पासवान ने कहा कि जिस ऊर्जा के साथ रिकेश सेन वैशाली नगर के विकास के लिए समर्पित हैं, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से भिलाई के विकास कार्यों में हर संभव तकनीकी और वित्तीय सहयोग प्रदान करेगा।

​भिलाई आने का दिया निमंत्रण
​चर्चा के अंत में विधायक रिकेश सेन ने चिराग पासवान को युवा महोत्सव में भिलाई आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। केंद्रीय मंत्री ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि वे जल्द ही भिलाई का दौरा करेंगे और वहां के विकास कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर स्थानीय उद्यमियों व जनता से संवाद करेंगे।​विधायक रिकेश सेन ने इस मुलाकात को अत्यंत सफल बताते हुए कहा कि चिराग पासवानजी के मार्गदर्शन में वैशाली नगर में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी नई संभावनाओं पर काम किया जाएगा, जिससे हमारे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।

रेवतीरमन द्विवेदी

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi