Dailyhunt
लड़खड़ाते मंडप में पहुंचा दूल्हा: बारातियों के साथ जमकर पी थी शराब, दुल्हन का शादी से इंकार

लड़खड़ाते मंडप में पहुंचा दूल्हा: बारातियों के साथ जमकर पी थी शराब, दुल्हन का शादी से इंकार

बिलासपुर। अपनी ही बारात में दूल्हा शराब पीकर शादी के मंडप में पहुंच गया। शराबी दूल्हे की हरकत देखकर दुल्हन ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। शादी के खर्च को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और पुलिस मौके पर पहुंच गई।

दोनों पक्षों द्वारा आधा खर्च वहन करने पर विवाद शांत हुआ।

सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार, ग्राम कोरमी निवासी राजू मांडले पिता रामखिलावन मांडले की बारात 27 अप्रैल को कसडोल गई थी। बाजे गाजे के साथ दूल्हा बारात लेकर मंडप में गया। बारातियों के साथ उसने भी छककर शराब पी। बारात मंडप में पहुंची और शादी कार्यक्रम के दौरान दूल्हा शराबियों जैसी हरकतें करने लगा। दुल्हन ने उसकी हरकत देख शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे मंडप में दूल्हा व दुल्हन पक्ष में हड़कंप मच गया।

शादी में हुए खर्च की मांग करने लगे
दुल्हन के माता पिता व परिजन ने शादी करने से इनकार कर शादी में हुए खर्च की मांग करने लगे। इससे दूल्हा पक्ष के लोगों ने अपने घर में फोन कर घटना की जानकारी दी और बारातियों को बंधक बना लेने की बात कही। दूल्हे के दादा मनीराम मांडले ने रात में सिरगिट्टी थाना पहुंचकर बारातियों को बंधक बना लेने की शिकायत की।

दोनों पक्षों द्वारा आधा खर्च वहन करने पर हुआ समझौता
टीआई किशोर केंवट ने घटना की जानकारी कसडोल पुलिस को घटना के बारे में बताया। कसडोल पुलिस शादी मंडप में पहुंची तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने टीआई श्री केंवट से बारातियों की बात कराई, बारातियों ने बताया कि, उन्हें बंधक नहीं बनाया गया है। उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए कहा दूल्हे ने शराब पी ली थी, जिससे दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। उनके द्वारा शादी में खर्च हुए रुपए की मांग की जा रही है। रात दूल्हा व दुल्हन पक्ष के लोगों ने आपस में बैठककर शादी में हुआ खर्च आधा आधा वहन करने की बात कर समझौता कर लिया।

दादा ने की बंधक बनाने की शिकायत
सिरगिट्टी के टीआई किशोर केवट ने बताया कि, 27 अप्रैल को कोरमी से कसडोल बारात गई थी। दूल्हे के शराब पी लेने से दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। रात में दूल्हा के दादा ने थाने में बारातियों को बंधक बना लेने की शिकायत की। कसडोल पुलिस को जानकारी देकर शादी मंडप में भेजा गया था।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

Uma Ghritlahare

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi