Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
महानदी-शिवनाथ उफान पर : प्रशासन अलर्ट, अमेठी घाट आवागमन के लिए कराया गया बंद

महानदी-शिवनाथ उफान पर : प्रशासन अलर्ट, अमेठी घाट आवागमन के लिए कराया गया बंद

कुश अग्रवाल-बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। वहीं जिले से होकर गुजरने वाली महानदी और शिवनाथ नदी सहित कई छोटे-बड़े नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

पलारी तहसील के अमेठी घाट में महानदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 7 फीट ऊपर पहुंच गया है। महानदी पर बने एनीकट के ऊपर तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस रास्ते से कसडोल विकासखंड के वनांचल क्षेत्र के ग्राम बार, नयापारा और महासमुंद जिले के सिरपुर क्षेत्र की ओर आने-जाने का संपर्क फिलहाल टूट गया है।

 अमेठी घाट को प्रशासन ने कांटेदार तारों से घेरा

तहसीलदार और पुलिस टीम ने अमेठी घाट का किया निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने अमेठी घाट का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लोगों को नदी पार करने से रोकने के लिए एनीकट के दोनों ओर कांटेदार बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

महानदी-शिवनाथ उफान पर, प्रशासन अलर्ट
इधर, भाटापारा क्षेत्र में शिवनाथ नदी भी उफान पर है। सिमरिया घाट में नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि, पानी पुल को छूते हुए बह रहा है। प्रशासन यहां भी लगातार निगरानी कर रहा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जिले के कई छोटे-छोटे नालों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राजस्व, पुलिस और स्थानीय पंचायत विभाग की संयुक्त टीमें संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रही हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उफनती नदियों, एनीकटों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें। बारिश का दौर जारी रहने से जलस्तर और बढ़ सकता है, इसलिए अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

Uma Ghritlahare

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi