Dailyhunt
Mangeshkar Sisters: 'घर में अब अकेलापन...सन्नाटा है', आशा भोसले-लता मंगेशकर के निधन पर छलका बहन उषा का दर्द

Mangeshkar Sisters: 'घर में अब अकेलापन...सन्नाटा है', आशा भोसले-लता मंगेशकर के निधन पर छलका बहन उषा का दर्द

Asha Bhosle sister: भारतीय संगीत जगत के लिए साल 2026 एक गहरा दुख लेकर आया, जब दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके जाने से संगीत की दुनिया में एक ऐसा खालीपन पैदा हुआ है, जिसे भर पाना मुश्किल है।

वहीं 2022 में आशा ताई की बहन और दिग्गज गायिका लता मंगेशकर का निधन हो गया था। इस दुख की घड़ी में उनकी छोटी बहन और सिंगर उषा मंगेशक का दर्द छलका है।

हाल ही में उषा मंगेशकर पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आईं और अपने दुख को साझा किया। वह मुंबई में आयोजित '18th न्यूज़मेकर्स अवॉर्ड्स 2026' में शामिल हुईं, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपने दिल का दर्द बयां किया।

'यह मेरे लिए बहुत बड़ा झटका है'
उषा मंगेशकर ने कहा कि उनकी बड़ी बहन के निधन ने उन्हें पूरी तरह से तोड़ दिया है। उन्होंने भावुक होकर कहा, 'मेरी बड़ी बहन चली गईं। पिछले कुछ सालों में मैंने अपनी दो बड़ी बहनों को खो दिया है। यह मेरे लिए ही नहीं, पूरे देश के लिए बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि हमने एक महान गायिका को खो दिया।'

आशा ताई के साथ बचपन की यादें
उन्होंने आशा भोसले के साथ बिताई यादों को याद करते हुए कहा, 'मेरे पास बहुत सारी यादें हैं। हम बचपन से साथ रहे हैं। अब मुझे घर पर बहुत अकेलापन और उदासी महसूस हो रही है।' दुख के बावजूद, उषा ने बताया कि उन्होंने जानबूझकर बाहर निकलने और कार्यक्रम में शामिल होने का प्रयास किया। उन्होंने कहा- 'मैंने सोचा कि घर पर बैठकर दुखी रहने से बेहतर है कि थोड़ा बाहर निकलूं, ताकि मन थोड़ा हल्का हो सके।'

आशा ताई का निधन; एक युग का अंत
आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल 2026 को मुंबई में हुआ था। उन्हें एक दिन पहले सीने में संक्रमण और थकान की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद वह मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण दुनिया को अलविदा कह गईं।

ललिता अहिरवार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi