
MP Class 5th-8th Result: मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केन्द्र ने कक्षा 5वीं और 8वीं री-एग्जाम का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में कक्षा 5वीं के 80.42% और कक्षा 8वीं के 74.16% विद्यार्थी सफल हुए हैं।
वहीं, मुख्य परीक्षा और री-एग्जाम के परिणामों को मिलाकर इस शैक्षणिक सत्र में 98% से अधिक छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। छात्र और अभिभावक राज्य शिक्षा केन्द्र की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर दर्ज कर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, मुख्य वार्षिक परीक्षा और री-एग्जाम में पास विद्यार्थियों की संख्या को मिलाकर इस सत्र में कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.89 और कक्षा 8वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.19 प्रतिशत रहा है।
यहां देखें कक्षा 5वीं और 8वीं का रिजल्ट
विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षकगण उक्त परिणामों को राज्य शिक्षा केन्द्र के https://www.rskmp.in/result.aspx पर अपना रोल नम्बर डालकर देख सकते हैं। साथ ही शिक्षक, संस्था प्रमुख भी अपनी शाला का विद्यार्थीवार परिणाम इसी पोर्टल पर देख सकते हैं।

गौरतलब है कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा 16 से 23 जून के बीच कक्षा 5वीं व 8वीं की पुन: परीक्षाओं का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश की शासकीय, अशासकीय शालाओं एवं पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 71, 548 तथा कक्षा 8वीं के 76, 274 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। इन विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेश में कुल 322 केन्द्र बनाए गए थे। 17, 000 से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं के द्वारा अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज की गई थी।
सरकारी स्कूलों के इतने छात्र हुए पास
कक्षा पांचवीं में शासकीय स्कूलों के कुल 46, 665 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें 36, 217 विद्यार्थी पास हुए हैं। मदरसा में 581 में से 352 विद्यार्थी पास हुए हैं, तो वहीं प्राइवेट स्कूलों के 24, 302 विद्यार्थियों में से 20, 971 विद्यार्थी परीक्षा में पास हुए हैं।
इसी प्रकार कक्षा 8वीं में शासकीय स्कूलों के कुल 56,738 विद्यार्थियों में से 40, 315 उत्तीर्ण हुए हैं। मदरसा के 423 में से 268 और अशासकीय विद्यालयों के 19, 113 में से 15,978 विद्यार्थी पास हुए हैं।
गुरजीत कौर

