Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मुसीबतों को हराकर IFS अफसर बने अजय : CM साय ने दी बधाई, कहा- मेहनत बदल देती है किस्मत

मुसीबतों को हराकर IFS अफसर बने अजय : CM साय ने दी बधाई, कहा- मेहनत बदल देती है किस्मत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छोटे से संबलपुरी गांव के रहने वाले अजय गुप्ता ने भारतीय वन सेवा (IFS) में चयनित होकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाले अजय की यह उपलब्धि आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अजय से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सफलता पूरे प्रदेश, खासकर वनांचल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

तेंदूपत्ता और महुआ संग्रह से शुरू हुआ संघर्ष
अजय गुप्ता का बचपन आर्थिक अभावों के बीच बीता है। छुट्टियों के दिनों में वे अपने माता-पिता के साथ जंगलों में तेंदूपत्ता और महुआ संग्रह करने जाया करते थे। खेती-किसानी और वनोपज पर निर्भर परिवार में पले-बढ़े अजय ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद पढ़ाई को कभी नहीं छोड़ा।

पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन से बनाई अलग पहचान
अजय ने शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 10वीं में 92.66 प्रतिशत और 12वीं में 91.40 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बेहतर अंकों के आधार पर उन्हें एनआईटी रायपुर में प्रवेश मिला, जहां उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान उन्हें छात्रवृत्ति योजनाओं का भी लाभ मिला, जिससे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनका सफर जारी रहा।

छात्रवृत्ति योजनाएं बनीं सहारा
राज्य सरकार की लघु वनोपज संघ छात्रवृत्ति और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं ने अजय के सपनों को उड़ान देने में अहम भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देशय ही ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है।

अखिल भारतीय स्तर पर हासिल की 91वीं रैंक
कड़ी मेहनत और लगातार संघर्ष के दम पर अजय ने भारतीय वन सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 91 वीं रैंक हासिल की। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बन सकते।

जंगलों से जुड़ाव ने चुना वन सेवा का रास्ता
अजय ने बताया कि उनका जीवन बचपन से ही जंगलों और प्रकृति के करीब रहा है। यही कारण है कि उन्होंने वन सेवा को अपना लक्ष्य बनाया। उनका कहना है कि जंगलों ने उन्हें केवल जीवनयापन ही नहीं सिखाया, बल्कि आगे बढ़ने की प्ररेणा भी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अजय की सफलता उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों में भी बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अजय जैसे युवा आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष, आत्मविश्वास और मेहनत का संदेश देंगे

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

Ck Shukla

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi