Dailyhunt
Nishant Kumar Age: '50 नहीं 44 के हैं निशांत', मंत्री अशोक चौधरी ने बताया 'असली बर्थ डेट'

Nishant Kumar Age: '50 नहीं 44 के हैं निशांत', मंत्री अशोक चौधरी ने बताया 'असली बर्थ डेट'

Nishant Kumar Age: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जैसे ही सक्रिय राजनीति में कदम रखा, उनकी उम्र को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में एक नई बहस छिड़ गई।

कई जगहों पर उन्हें 50 साल से अधिक का बताया जा रहा था, लेकिन अब बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू के कद्दावर नेता अशोक चौधरी ने इस सस्पेंस से पर्दा उठा दिया है।

1981 में हुआ था जन्म, 44 के हैं निशांत
मंत्री अशोक चौधरी ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्पष्ट किया कि निशांत कुमार की उम्र को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि निशांत का जन्म 20 जुलाई 1981 को हुआ था, न कि 1975 में। इस हिसाब से निशांत की वर्तमान आयु 44 वर्ष है। अशोक चौधरी ने मीडिया संस्थानों से भी अनुरोध किया कि वे इसी सही जन्मतिथि का उपयोग करें।

गूगल और विकिपीडिया पर गलत जानकारी
दरअसल, इंटरनेट और विकिपीडिया पर निशांत कुमार की जन्मतिथि 20 जुलाई 1975 दर्ज है, जिसके कारण उनकी उम्र 50 साल मानी जा रही थी। राजनीति में एंट्री के बाद जब उनकी प्रोफाइल तलाशी गई, तो यह विरोधाभास सामने आया। हालांकि, अब पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर उनकी सही उम्र की पुष्टि कर दी गई है।

जेडीयू में एंट्री और भविष्य की अटकलें
निशांत कुमार ने हाल ही में जेडीयू की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान और बिहार में अप्रैल में संभावित नई एनडीए सरकार के गठन के बीच निशांत की एंट्री को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें पार्टी या सरकार में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का कहना है कि उनकी भूमिका पर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व ही लेगा।

शादी की सलाह पर सिर्फ मुस्कुराहट
राजनीति के साथ-साथ निशांत की निजी जिंदगी भी चर्चा में है। निशांत ने अभी तक शादी नहीं की है। हाल ही में जब वे अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा (नालंदा) पहुंचे, तो वहां की महिलाओं ने उन्हें शादी करने और घर बसाने की सलाह दी। इस पर निशांत ने कोई जवाब तो नहीं दिया, लेकिन उनकी मुस्कुराहट ने सबका दिल जीत लिया।

Vishal

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi