
हरियाणा के पानीपत जिले में एक महिला ने अपने ससुराल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पति सीमा सुरक्षा बल (BSF) में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। सबसे ज्यादा झकझोर देने वाली बात यह है कि अगले ही दिन महिला के इकलौते बेटे का पहला जन्मदिन था, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थीं।
इस आत्मघाती कदम के पीछे पति के विवाहेतर संबंध और ससुराल पक्ष की ओर से प्रताड़ना की बात सामने आ रही है। मृतका के पिता के बयानों के आधार पर पुलिस ने पति सहित सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दो वर्ष पूर्व हुआ था विवाह
राजस्थान के अलवर (तिजारा) के रहने वाले हवा सिंह ने पुलिस प्रशासन को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी सबसे छोटी पुत्री रितु का विवाह करीब दो साल पहले समालखा की गांधी कॉलोनी के निवासी संजय के साथ संपन्न किया था। संजय वर्तमान में पश्चिम बंगाल में बीएसएफ के सब-इंस्पेक्टर के रूप में कार्यरत हैं।
पिता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही रितु को उसके पति संजय, ससुर देसराज और सास कृष्णा द्वारा कम दहेज लाने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल वाले ताना मारते थे कि क्लास-वन अफसर से शादी होने के बावजूद वह उनके स्तर का दहेज नहीं लाई।
मोबाइल में चैट और तस्वीरें देख खुली थी प्रेम-प्रसंग की पोल
पीड़िता के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दामाद संजय का किसी अन्य महिला के साथ अवैध प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी वजह से वह रितु को कभी अपने साथ कार्यस्थल (बंगाल) नहीं ले जाता था। कुछ समय पहले रितु ने संजय के मोबाइल फोन में उस अज्ञात महिला के साथ आपत्तिजनक वॉट्सएप संदेश (चैट) और दोनों की तस्वीरें देख ली थीं। जब रितु ने इस बात का विरोध दर्ज कराया, तो उसके साथ मारपीट की गई।
रितु ने रोते हुए यह बात अपने मायके वालों को बताई थी, जिसके बाद परिजनों ने संजय को समझाने की कोशिश की, मगर उसमें कोई सुधार नहीं आया।
प्री-बर्थडे मनाने के बाद ड्यूटी पर लौटा पति, पीछे से घट गई वारदात
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बेटे के पहले जन्मदिन के उपलक्ष्य में संजय 28 मई को अवकाश लेकर घर आया था, जहां दोनों पक्षों ने मिलकर बच्चे का प्री-बर्थडे मनाया था। इसके बाद 29 मई को संजय दिल्ली से ट्रेन द्वारा वापस अपनी ड्यूटी पर बंगाल के लिए रवाना हो गया। 30 मई की सुबह रितु और संजय के बीच फोन पर किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी।
आरोप है कि इस मानसिक कलह और अत्यधिक तनाव के कारण रितु ने कमरे में फंदा लगा लिया। उस समय उसकी सास और ननद एक धार्मिक आयोजन में गई हुई थीं। दोपहर करीब एक बजे जब वे वापस लौटीं, तो 11 महीने का मासूम रो रहा था। जब वे कमरे के भीतर गईं तो रितु का शव लटका हुआ मिला। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही संजय हवाई मार्ग से तुरंत पानीपत पहुंचा।
ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू
समालखा थाना के जांच अधिकारी एएसआई सेठन पाल ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति संजय, सास कृष्णा और ससुर देसराज के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पानीपत के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कानूनी तफ्तीश अमल में लाई जा रही है।
आनंद नायक

