
पानीपत कांग्रेस नेता सचिन कुंडू: हरियाणा के पानीपत में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सचिन कुंडू को जान से मारने की धमकी दी गई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर सचिन कुंडू से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। बदमाशों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अगर पैसे नहीं मिले तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
विदेशी नंबर से आए धमकी भरे वॉयस मैसेज
सचिन कुंडू ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 3 मई की शाम को जब वह गांव गढ़ सरनाई में एक निजी कार्यक्रम में मौजूद थे, तब उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई। कॉल रिसीव न होने पर आरोपी ने दो वॉयस मैसेज भेजे।
मैसेज भेजने वाले ने अपनी पहचान महेन्द्र डलाना के रूप में बताई और खुद को रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया। रिकॉर्डिंग में आरोपी ने कहा कि उसे 5 करोड़ रुपए चाहिए, वरना अंजाम बुरा होगा।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद सचिन कुंडू ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। थाना सेक्टर 13-17 की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
- धाराएं: 308(4) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज।
- जांच अधिकारी: ASI सोनू को मामले की कमान सौंपी गई है।
बता दें कि सचिन कुंडू 2024 के विधानसभा चुनाव में मौजूदा शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं और क्षेत्र के कद्दावर नेता माने जाते हैं। पुलिस अब उस विदेशी नंबर और वॉयस मैसेज की जांच कर रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।
निधि

