Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
राजधानी में बेखौफ चोर : वनोरा और मोती महल रेस्टोरेंट को चोरों ने बनाया टारगेट, AC के महंगे कॉपर पाइप उड़ाए

राजधानी में बेखौफ चोर : वनोरा और मोती महल रेस्टोरेंट को चोरों ने बनाया टारगेट, AC के महंगे कॉपर पाइप उड़ाए

रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने एक बार फिर परिसर को निशाना बनाया है।

इस बार चोरों ने परिसर की तीसरी मंजिल पर स्थित वनोरा रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर एसी की महंगी कॉपर वायरिंग पर हाथ साफ कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल की छत पर विभिन्न व्यवसायों के एसी के आउटडोर यूनिट लगे हुए हैं। चोरों के लिए यह जगह टारगेट बन चुकी है। यह कोई पहली घटना नहीं है ,इससे पहले भी इस परिसर से कई बार एसी के महंगे कॉपर वायर और पार्ट्स चोरी हो चुके हैं।

पुलिस की सुस्ती से व्यापारियों में आक्रोश
कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों का कहना है कि, लगातार हो रही इन चोरियों से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी संबंधित थाने को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा बढ़ाने और कार्रवाई करने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन पुलिस की ढीली कार्रवाई के कारण चोरों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

व्यापारियों की मांग
लगातार हो रही चोरियों से व्यापार करना दूभर हो गया है। पुलिस प्रशासन से मांग है कि, इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और चोरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि, यदि जल्द ही इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उग्र कदम उठाने पर मजबूर होंगे।

आकाश टावर' की छत से रेस्टोरेंट का 30 फीट कॉपर पाइप चोरी
उल्लेखनीय हैं कि, शंकर नगर मेन रोड स्थित आकाश टावर में 17 जून 2024 की मध्य रात्रि को चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने टावर की छत पर स्थित मोती महल रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर के लगभग 30 फीट कॉपर पाइप पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक द्वारा इस घटना की लिखित शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई गई है।

एक ही ढर्रे पर हो रही हैं लगातार चोरियां
पीड़ित पक्ष के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अप्रैल महीने में इसी तरह की चोरी की वारदात हुई थी, जिसकी मौखिक सूचना थाने में दी गई थी। केवल यही नहीं, करीब एक महीने पहले आकाश टावर के पड़ोसी यूनिवर्सल टी.वी. शोरूम में भी ठीक इसी अंदाज में एसी का कॉपर पाइप चोरी होने की बात सामने आई है।

पॉश इलाके की सुरक्षा पर खड़े हो रहे सवाल
व्यापारियों का कहना है कि, शंकर नगर जैसे वीआईपी और व्यस्त इलाके में चोरों का साहस इस कदर बढ़ गया है कि वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कुछ समय पूर्व शंकर नगर गीतांजलि कॉलोनी रोड पर पंडित हरिशंकर शुक्ल के पास एक पान दुकान का शटर तोड़कर भी चोरी की गई थी, जिसकी शिकायत भी खम्हारडीह थाने में दर्ज है।

कार्रवाई की मांग
लगातार बढ़ती इन घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में असुरक्षा की भावना है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन और खम्हारडीह थाना प्रभारी से अनुरोध किया है कि क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाई जाए और इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चोरों के खिलाफ सख्त से सख्त उचित कार्रवाई की जाए।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

Uma Ghritlahare

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi