
राजस्थान में जून महीने की शुरुआत तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ हुई है। मौसम विभाग ने 2 जून के लिए प्रदेश के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 5 जून तक बना रह सकता है।
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
सोमवार को कोटा, उदयपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, अजमेर, नागौर और चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई। हालांकि मौसम की यह राहत कुछ क्षेत्रों में भारी साबित हुई। जैसलमेर के प्रसिद्ध सम सैंड ड्यून्स क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान एक रिसोर्ट में दीवार गिरने से 25 वर्षीय लोक कलाकार स्वरूप खान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कलाकार घायल हो गए। इस घटना ने पर्यटन और सांस्कृतिक जगत को झकझोर दिया है।
बाड़मेर जिले में भी तेज तूफान का असर देखने को मिला। रामसर क्षेत्र के पाबूसरिया गांव में टीनशेड का कमरा ढहने से पिता-पुत्र मलबे में दब गए, जबकि एक महिला लोहे की एंगल गिरने से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि नागौर, अजमेर और टोंक के निवाई क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई। कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली, जिससे तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी राजस्थान के कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
Vipin Tiwari

