आकाश पवार - पेंड्रा | मरवाही थाना क्षेत्र के चनाडोंगरी गांव में आपसी रंजिश ने एक गंभीर घटना का रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने अपने जीजा के साथ हुए पुराने विवाद का बदला लेने के लिए सीधे तौर पर पड़ोसी के घर को निशाना बनाया।
घर में पेट्रोल डालकर लगाई आग
25 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे, जब पीड़ित उत्तम सिंह घर पर नहीं था, उसी दौरान आरोपी सुनील कुमार मार्को मौके पर पहुंचा। उसने घर में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, आग ने देखते ही देखते विकराल रुप धारण कर लिया, जिसमें घर में रखा सारा सामान और छानी - छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
एक लाख से ज्यादा का नुकसान
इस आगजनी की घटना में पीड़ित को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है, अनुमान है कि करीब एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर खाक हो गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
एफएसएल जांच में हुआ खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम (FSL) द्वारा जांच किए जाने पर यह स्पष्ट हुआ कि आग पेट्रोल डालकर लगाई गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के जीजा और पीड़ित के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था, जिसकी वजह से यह वारदात की गई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
Ck Shukla

