Dailyhunt
रिश्तों का कत्ल : पत्नी, भाई और भांजे ने मिलकर की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

रिश्तों का कत्ल : पत्नी, भाई और भांजे ने मिलकर की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी में सामने आए एक सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। यह मामला न केवल हत्या का है, बल्कि रिश्तों के टूटने और विश्वास के कत्ल की ऐसी कहानी है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने खुलासा करते हुए बताया कि, 29 से 30 मार्च 2026 की दरमियानी रात ग्राम क्षेत्र में रहने वाले राम कुमार साय (37 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर मामले को आत्महत्या की दिशा में ले जाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन घटनास्थल की स्थिति और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।

गहराई से जांच में सामने आई साजिश
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, फॉरेंसिक एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के आधार पर धीरे-धीरे सच्चाई सामने आने लगी। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी मीना बाई साय (36 वर्ष), उसके बड़े भाई महावीर (40 वर्ष) और भांजे वैभव उर्फ अंशु बंजारे (19 वर्ष) ने मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी।

घरेलू विवाद और गंभीर आरोप बने वजह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि राम कुमार साय शराब का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। इसके अलावा उस पर अपनी ही बेटी के प्रति गलत नजर रखने जैसे गंभीर आरोप भी लगे थे, जिससे परिवार के सदस्य मानसिक रूप से काफी परेशान थे। लगातार हो रहे विवाद और तनाव के चलते आरोपियों ने यह खौफनाक कदम उठाने की योजना बनाई।

गमछे से गला घोंटकर की हत्या
योजना के तहत 29-30 मार्च की रात तीनों आरोपियों ने मिलकर राम कुमार साय का गमछे से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, ताकि पुलिस को गुमराह कर कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

24 घंटे में खुला राज, तीनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की बारीकी से जांच करते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Chandrakant Shukla

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi