रोहतक स्कूल छेड़छाड़ मामला: रोहतक जिले के गांव ब्राह्मणवास स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्रा से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल इंचार्ज की शिकायत पर जिला शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मंजीत मलिक ने स्कूल की प्रिंसिपल से इस मामले में सभी सबूतों और तथ्यों के साथ विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। दूसरी तरफ, घटना के बाद से ही आरोपी चपरासी 2 जुलाई से लगातार स्कूल से गायब है और फरार चल रहा है।
छत पर छात्रा के साथ देखा गया आरोपी
स्कूल इंचार्ज राजरानी ने जिला शिक्षा विभाग को दी अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी चपरासी एक छात्रा को लेकर स्कूल की छत पर गया हुआ था। शिकायत के अनुसार, जब चपरासी को छत पर छात्रा के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा गया, तो वह तुरंत मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद जब पीड़ित छात्रा से पूछताछ की गई, तो उसने डर या मानसिक दबाव के कारण फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है। आरोपी चपरासी 2 जुलाई से ही ड्यूटी पर नहीं आ रहा है।
थानों में पंचायतों का दौर, हुआ समझौता
इस मामले में एक तरफ जहां स्कूल इंचार्ज की तरफ से सदर थाने में लिखित शिकायत दी गई है, वहीं दूसरी तरफ इस मामले को सामाजिक स्तर पर दबाने के प्रयास भी शुरू हो गए हैं। घटना के बाद ब्राह्मणवास और नजदीकी गांव खिड़वाली की पंचायतें सदर थाना पहुंचीं। थाने में ही दोनों पक्षों के बीच आपसी बैठकर समझौता हो गया। छात्रा और उसके परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई आधिकारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन स्कूल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई करने का दिया आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अशोक ने बताया कि स्कूल इंचार्ज की शिकायत के आधार पर प्रिंसिपल सुशीला को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मंजीत मलिक ने कहा, "मामला पूरी तरह हमारे संज्ञान में है। खंड शिक्षा अधिकारी को जमीनी स्तर पर जांच के आदेश दिए गए हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और यदि चपरासी या कोई अन्य दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।
निधि

