Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सब्जी विक्रेता ने कर डाला कांड : पत्नी की हत्या कर लगा ली फांसी, किराए के मकान में मिले दोनों के शव

सब्जी विक्रेता ने कर डाला कांड : पत्नी की हत्या कर लगा ली फांसी, किराए के मकान में मिले दोनों के शव

शीष श्रीवास- बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक किराए के मकान में दंपति मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और बाद में स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अशोक देवांगन और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच मोहल्लेवासियों को घर से किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस और मकान मालिक को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा।

फंदे पर लटका मिला पति का शव
दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। अशोक देवांगन का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि धनेश्वरी देवांगन का शव कमरे में खून से लथपथ पड़ा मिला। महिला के गले पर धारदार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी, से किए गए कई वार के निशान पाए गए हैं। घटना के समय दंपति के दो मासूम बच्चे दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि बच्चों के बयान मामले की जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

सब्जी बेचने का काम करता था मृतक
बताया जा रहा है कि अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही रह रहा था। ऐसे में पुलिस आर्थिक तंगी, व्यवसायिक नुकसान और पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे हेमूनगर क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

रेवतीरमन द्विवेदी

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi