Dailyhunt
Sampla Municipal Corporation Election: BJP के तीन दिग्गजों की खुली बगावत, बोले- कांग्रेस से आए प्रत्याशी को चखाएंगे मजा

Sampla Municipal Corporation Election: BJP के तीन दिग्गजों की खुली बगावत, बोले- कांग्रेस से आए प्रत्याशी को चखाएंगे मजा

Sampla Municipal Corporation Election: हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला ब्लॉक में नगर पालिका चुनाव का पारा गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए 'बाहरी' प्रत्याशी को टिकट देना अब गले की फांस बनता नजर आ रहा है।

टिकट वितरण से नाराज भाजपा के दिग्गज कार्यकर्ताओं ने न केवल बगावत कर दी है, बल्कि निर्दलीय मैदान में उतरकर भाजपा प्रत्याशी को हराने की खुली चुनौती भी दे दी है।

प्रवीण कोच को उम्मीदवार चुनने पर भारी रोष
सांपला में चेयरमैन पद के लिए भाजपा की टिकट के दावेदारों की फेहरिस्त काफी लंबी थी। इसमें पूर्व चेयरमैन सुधीर ओहल्याण, केंद्रीय मंत्री अरविंद शर्मा के करीबी अनिल शर्मा और पूर्व सरपंच राकेश पहलवान जैसे बड़े नाम शामिल थे। विवाद तब शुरू हुआ जब पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर प्रवीण कोच को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। बता दें कि प्रवीण कोच नामांकन से महज तीन दिन पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी के इस फैसले को कार्यकर्ताओं ने 'सेटिंग' और निष्ठावानों की अनदेखी करार दिया है।

'बाहरी' को हराकर ही दम लेंगे बागी
चुनाव मैदान में डटे बागियों ने भाजपा नेताओं की अपील को ठुकराते हुए साफ कर दिया है कि वे पीछे हटने वाले नहीं हैं:

  • सुधीर ओहल्याण: "जनता का साथ मेरे साथ है। अपने पिछले कार्यकाल में मैंने विकास के जो काम किए, उसी भरोसे पर लोग मुझे दोबारा चेयरमैन बनाएंगे। हम भाजपा के इस बाहरी उम्मीदवार को हराकर ही दम लेंगे।"
  • अनिल शर्मा: "पार्टी ने टिकट वितरण में बड़ी गलती की है। अगर किसी पुराने कार्यकर्ता को टिकट मिलता, तो हम उसका समर्थन करते। लेकिन कांग्रेस से आए व्यक्ति को टिकट देकर कार्यकर्ताओं का अपमान किया गया है।"
  • राकेश पहलवान: "मेरा मुकाबला सीधा भाजपा से है क्योंकि वह सत्ताधारी दल है। मैं निर्दलीय लड़ रहा हूं और जनता की सेवा के लिए भाजपा उम्मीदवार को शिकस्त दूंगा।"

दिग्गज नेताओं की कोशिशें रही नाकाम
बागियों को मनाने के लिए भाजपा ने अपने भारी-भरकम नेताओं की फौज उतार दी थी। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, मेयर रामअवतार वाल्मीकि और सांसद/मंत्री अरविंद शर्मा ने भी बागियों को नाम वापसी के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन सभी विफल रहे। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अब आलाकमान के दबाव में नहीं आएंगे।

मुकाबले में फंसा चेयरमैन पद भविष्य
सांपला नगर पालिका के चेयरमैन पद का भविष्य अब त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय मुकाबले में फंस गया है। मतदान 10 मई को होगा और नतीजों की घोषणा 13 मई को की जाएगी। अब देखना यह होगा कि क्या भाजपा अपने कुनबे को एकजुट रख पाती है या बागी उम्मीदवार बाजी मार ले जाते हैं।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

निधि

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi