सज्जाक खान-छुईखदान। वन परिक्षेत्र छुईखदान अंतर्गत ग्राम खुड़मुड़ी में जंगली सूअर (बरहा) को करंट लगाकर मारने का मामला सामने आया है। इस मामले में वन विभाग ने आरोपी बृजलाल कंवर, मैनकुमार, पेखन वर्मा, सेवन दास को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को वन विभाग को सूचना मिली कि ग्राम खुड़मुड़ी में कुछ लोग जंगली सूअर का शिकार कर उसका मांस खाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए मांस जब्त कर चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। वन विभाग की टीम ने आरोपियों के घरों में दबिश देकर जांच की तथा शिकार किए गए जंगली सूअर का मांस बरामद किया। इसके बाद सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए वन विभाग कार्यालय लाया गया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत की कार्रवाई
वन विभाग ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। वन विभाग ने लोगों से वन्यजीवों के शिकार से दूर रहने तथा किसी भी अवैध शिकार की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने को खबर है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
रेवतीरमन द्विवेदी

