Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सीएम मोहन का 'न्यू जबलपुर' प्लान: एक साल में मेट्रोपोलिटन सिटी बनेगा, करोड़ों की परियोजनाओं से बदलेगी संस्कारधानी की तस्वीर

सीएम मोहन का 'न्यू जबलपुर' प्लान: एक साल में मेट्रोपोलिटन सिटी बनेगा, करोड़ों की परियोजनाओं से बदलेगी संस्कारधानी की तस्वीर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर दौरे के दौरान शहर के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया। उन्होंने 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'अमृत 1.0' सीवेज परियोजना का उद्घाटन किया।

इसके साथ ही कठौंदा, ललपुर और तेवर में बने तीन आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी जनता को समर्पित किए।

इन परियोजनाओं का भी हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने सिविल लाइन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री का उद्घाटन किया। गुरंदी में लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए मत्स्य बाजार का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को डिजिटल कार्ड वितरित किए गए।

जबलपुर बनेगा फर्नीचर निर्माण का नया हब
सीएम ने जबलपुर में लकड़ी आधारित फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

11 लाख पौधरोपण अभियान की शुरुआत
'कैच द रेन' अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने 11 लाख पौधे लगाने के महाअभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य भी तैयार करते हैं।

मेट्रोपोलिटन सिटी और नए चिड़ियाघर की घोषणा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जबलपुर को मेट्रोपोलिटन सिटी बनाने का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मदन महल क्षेत्र के पास एक बड़े आधुनिक चिड़ियाघर (Zoo) के निर्माण की भी घोषणा की, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

यूसीसी पर भी दिया बड़ा बयान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में लाखों लोगों से सुझाव प्राप्त हुए हैं और सभी वर्गों की राय को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

शिक्षा और रोजगार पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में हजारों शिक्षकों और पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई है तथा बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों को पदोन्नति भी दी गई है। साथ ही, जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी को भविष्य में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

Vipin Tiwari

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi