Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सुकमा में खेल प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान : ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का समापन, 225 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण

सुकमा में खेल प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान : ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का समापन, 225 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण

गौरव तिवारी- सुकमा। जिला प्रशासन की दूरगामी सोच और प्रतिबद्धता के चलते सुकमा जिले के खेल प्रेमियों और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का एक शानदार मंच मिला है। कलेक्टर अमित कुमार और जिला सीईओ श मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 22 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को गरिमामय समापन हुआ।

सुकमा के बच्चों में खेलों का नया उछाल
प्रशासन की इस अनूठी पहल ने सुकमा जैसे सुदूर अंचल के बच्चों में न केवल खेलों के प्रति उत्साह जगाया, बल्कि उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का एक बेहतरीन और सुरक्षित अवसर भी प्रदान किया। इस अवसर पर प्रशिक्षकों को प्रोत्साहन स्मृति चिन्ह और खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मैडल का वितरण किया गया।

निःशुल्क प्रशिक्षण और सामग्रियों से खिलाड़ियों में जोश
प्रशासन की संवेदनशीलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शिविर में शामिल सभी 225 से अधिक युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय और पेशेवर प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। कराटे, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी और योग जैसी विभिन्न खेल विधाओं के लिए प्रशासन ने न केवल स्थानीय बल्कि बाहरी क्षेत्रों के अनुभवी प्रशिक्षकों की सेवाएं सुनिश्चित कीं। इसके साथ ही, खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और उनकी आर्थिक बाधाओं को दूर करने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक खेल सामग्रियां भी पूर्णतः निःशुल्क वितरित की गईं।

कड़कड़ाती धूप में खिलाड़ियों के स्वास्थ्य का रखा गया पूरा ख्याल
युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने इस कड़कड़ाती धूप और गर्मी के मौसम में विशेष इंतजाम किए थे। दो सत्रों (सुबह और शाम) में आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के स्टेमिना और सेहत का पूरा ख्याल रखा गया। सुबह के सत्र में जहां खिलाड़ियों को ऊर्जा से भरपूर पौष्टिक आहार (चना और गुड़) दिया जाता था, वहीं शाम के कड़े अभ्यास सत्र के बाद उन्हें हाइड्रेटेड रखने के लिए ग्लूकोज की निःशुल्क व्यवस्था की गई थी। प्रशासन का यह प्रबंध दर्शाता है कि वे युवाओं के शारीरिक विकास को लेकर कितने गंभीर हैं।

एसपी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए प्रशासन के इस सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि, पढ़ाई के साथ खेलकूद युवाओं के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं, जिससे तनाव दूर होता है और शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है।

प्रशासन का संकल्प- युवाओं को देना है नई उड़ान
इस सफल आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि सुकमा जिला प्रशासन स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने और उन्हें देश का भविष्य बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद और संकल्पित है। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी वीरूपाक्ष पौराणिक, सहायक खेल अधिकारी कोसरिया, सभी कोच, खिलाडीगण और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित थे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

सृष्टि सिंह

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi