रायपुर। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब 1000 रुपए के भारी उछाल ने छत्तीसगढ़ जायके का गणित बिगाड़ दिया है।आसमान छूती गैस की कीमतों के कारण होटल और ठेलों पर समोसा-कचौरी अब 5 से 10 रुपये तक महंगे हो गए हैं।
औसत कीमत, प्रति प्लेट समोसा और कचौड़ी 30 रुपए है। कुछ जिलों में कीमत बढ़ गई है वहीं कुछ जगह कीमतों में दस से बीस फीसदी तक इजाफे की तैयारी है।
धमतरी समेत कई जिलों में प्रति प्लेट 5 रुपए बढ़ा दिए हैं। महंगे सिलेंडर का असर खाने पीने की सभी चीजों पर पड़ा है। होटल व्यावसायी भारी दबाव में हैं। एक तरफ ग्राहकों की चिंता है वहीं दूसरी तरफ मुनाफे को बचाने की फिक्र है। राजधानी में होटल व्यवसायी भारी दबाव में हैं।
आने वाले दिनों में दाम बढ़ाना मजबूरी होगी
कटोरा तालाब स्थित 'न्यू नेता जी स्वीट्स' के हर्षद चंदानी ने बताया कि, पूर्व में दाम बढ़ाकर समोसा 30 से 35 रुपये किया गया था। वहीं अपने स्वाद के लिए पहचाने जाने वाले मधु स्वीट्स के यश नारायण अग्रवाल समोसा 17 रुपये नग और शंकर नगर स्थित 'न्यू दिल्ली स्वीट्स' के मैनेजर विष्णु कुमार 20 रुपये प्रति नग के रेट पर ही बिक्री कर रहे हैं, ताकि ग्राहक न टूटें। न्यू भारत स्वीट्स ने भी अभी दाम नहीं बढ़ाए हैं। लेकिन सभी मानते हैं कि आने वाले दिनों में दाम बढ़ाना मजबूरी होगी।
बिलासपुर
यहां महंगाई की सबसे ज्यादा मार पड़ी है। 'होटल संतोष भुवन' के संचालक मनीष आवटी के मुताबिक सिलेंडर और तेल के दाम बढ़ने से महीने में 80 हजार का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। 'होटल शिवपुरी' के संचालक हर्षित केशरवानी ने बताया कि फिलहाल रेट नहीं बढ़ाते हुए समोसे और अन्य सामानों की साइज छोटी कर दी गई है।
रायगढ़
रामनिवास टॉकिज चौक स्थित 'तुलसी होटल' के संचालक विनय अग्रवाल और 'करणी राजस्थानी भोजनालय के राहुल अग्रवाल ने बताया कि प्रतिदिन 4-5 सिलेंडर की खपत होती है, ऐसे में पुराने रेट पर सेवा देना संभव नहीं है। यहां दो दिनों के भीतर मेन्यू में 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी की तैयारी है।
शादी का बजट भी बिगड़ा
हलवाई रामजी चौहान के अनुसार, शादी-ब्याह में 500 लोगों की दावत में करीब 20 सिलेंडर लगते हैं, जिससे सीधे 20 हजार रुपये का बोझ बढ़ गया है। मंडप संचालकों का मानना है कि इससे प्रति प्लेट 50 से 250 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
भिलाई (दुर्ग)
शहर में नाश्ता 50 फीसदी तक महंगा हो गया है। सुपेला चौक स्थित 'पूजा नाश्ता सेंटर' और रामनगर स्थित 'छोटू स्वीट्स सहित कई दुकानों में नई दरें लागू कर दी गई हैं। यहां 20 रुपये में मिलने वाली समोसा-कचौरी की प्लेट अब 30 रुपये की हो गई है।
कोरबा व बालोद
कोरबा के संचालकों का कहना है कि सिलेंडर की किल्लत और बढ़ी कीमतों के कारण 15-20 दिनों में 10 से 20 फीसदी रेट बढ़ सकते हैं। बालोद में भी होटल संचालक वर्तमान 20 रुपये की प्लेट को जल्द ही 30 रुपये करने पर विचार कर रहे हैं।
धमतरी
शहर के होटलों में समोसा प्रति प्लेट 5 रुपये महंगा हो गया है। प्रीति स्वीट मार्ट के संचालक पवन जाधव, 'जनार्दन होटल' के संचालक और 'भगवती होटल' के रूपेश राजपूत का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर 2325 से बढ़कर 3328 रुपये का हो गया है, ऐसे में 25 रुपये प्लेट मिलने वाला समोसा अब 30 रुपये में बेचना मजबूरी है।
कांकेर
जिला मुख्यालय में 'वृंदावन होटल' के संचालक भरत केशवानी और 'जय हिंद होटल के गोलू मंगलानी ने बताया कि वे पहले से ही 30 रुपये प्लेट समोसा बेच रहे हैं, इसलिए फिलहाल दाम नहीं बढ़ाए हैं। वहीं 'यादव होटल' के किशन यादव और 'मोहब्बतें होटल' के संचालक अब भी 25 रुपये के पुराने रेट पर ही नाश्ता दे रहे हैं।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
Uma Ghritlahare

