सोमा शर्मा- गरियाबंद। जिले में पिछले 50 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब निर्माण कार्यों पर भी देखने को मिला है। उदंती नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा तेज बहाव के बीच भरभराकर गिर गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और छत्तीसगढ़-ओडिशा को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह पुल करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा था। पुल के तैयार होने के बाद गरियाबंद जिले के अमलीगांव को ओडिशा के चार गांवों से सीधा संपर्क मिलना था। लेकिन लगातार हो रही बारिश और नदी में बढ़े जलस्तर के कारण निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढह गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले 50 घंटे से अधिक समय से लगातार बारिश हो रही है, जिससे उदंती नदी उफान पर है।
मौके पर पहुंचे आला- अधिकारी
तेज बहाव के कारण निर्माणाधीन ढांचे पर दबाव बढ़ा और पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल पुल गिरने के कारण परियोजना को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
रेवतीरमन द्विवेदी

