भिलाई। वरिष्ठ नागरिकों के उत्साह, प्रतिभा और जीवन के अनुभवों को मंच देने के उद्देश्य से दुर्ग में विशेष 'सियान महोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव की थीम 'दिल तो बच्चा है जी' रखी गई है, जो इस बात को दर्शाती है कि उम्र बढ़ने के साथ उत्साह और उमंग कभी कम नहीं होती।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे ने महोत्सव के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की शुरुआत की।
आयोजन समिति के अनुसार, इस महोत्सव में 50 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक हिस्सा ले सकेंगे। प्रतिभागियों के लिए आयु के आधार पर तीन वर्ग बनाए गए हैं।
जूनियर सियान: 50 से 60 वर्ष तक
सीनियर सियान: 61 से 70 वर्ष तक
सुपर सीनियर सियान: 71 वर्ष से अधिक
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। सभी आयु वर्गों के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

15 से 22 अगस्त तक होंगे खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम
महोत्सव का शुभारंभ 15 अगस्त को सुबह 10 बजे बैडमिंटन प्रतियोगिता के साथ होगा। यह प्रतियोगिता जूही बैडमिंटन अकादमी, अरोड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वैशाली नगर में आयोजित की जाएगी। इसी दिन शाम 4 बजे श्याम सदन, शांति नगर में सिंगिंग, वादन और नृत्य प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन होंगे। 16 अगस्त को सुबह 10 बजे सियान सदन, राधिका नगर में कैरम और लूडो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
रंगारंग कार्यक्रमों के साथ होगा पुरस्कार वितरण
महोत्सव के अंतिम दिन 22 अगस्त को शाम 4 बजे स्वामी विवेकानंद भवन, स्मृति नगर में पेंटिंग, रंगोली, म्यूजिकल चेयर, मेगा हाउजी और रस्सा खींच जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद शाम 6 बजे वहीं ग्रांड फिनाले एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि, कार्यक्रम के संयोजक राजीव चौबे (अध्यक्ष, स्मृति नगर गृह निर्माण समिति), ललित मोहन (पूर्व पार्षद) और रोहन सिंह (भारतीय जनता युवा मोर्चा) हैं।
इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में ललित मोहन, संदीप चौधरी, नम्रता सेन, जिया फरिश्ता, पिया भौमिक, कैलाश ठाकुर, हेमंत तपरे, रोहित डावल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन से जुड़ी जानकारी समिति के रोहन सिंह ने दी।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
सृष्टि सिंह

