
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के परिणामों के समय को लेकर नई आधिकारिक सूचना जारी की है, पहले परिणाम दोपहर में आने की चर्चा थी लेकिन अब बोर्ड सचिव ने स्पष्ट किया है कि नतीजे आज शाम 4 बजे प्रयागराज स्थित मुख्यालय से घोषित किए जाएंगे।
शाम 4 बजे जैसे ही परिणाम लाइव होंगे, छात्र यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकेंगे, छात्रों को अपना परिणाम देखने के लिए रोल नंबर और एडमिट कार्ड पर दिए गए स्कूल कोड को दर्ज करना होगा।
कहां देखें रिजल्ट
रिजल्ट जारी होते ही छात्र इन वेबसाइट्स पर अपना स्कोर चेक कर सकेंगे:
- upmsp.edu.in
- upresults.nic.in
- results.digilocker.gov.in
- web.umang.gov.in
ऐसे करें रिजल्ट चेक
- सबसे पहले upmsp.edu.in वेबसाइट पर जाएं
- 10वीं या 12वीं रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें
- रोल नंबर और कैप्चा दर्ज करें
- सबमिट करते ही मार्कशीट स्क्रीन पर दिख जाएगी
जरूरी सलाह
रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के कारण सर्वर स्लो हो सकता है। ऐसे में छात्र धैर्य रखें या DigiLocker/UMANG जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करें।
भारी ट्रैफिक को देखते हुए बोर्ड ने इस बार सर्वर की क्षमता बढ़ाई है ताकि एक साथ लाखों छात्र बिना किसी परेशानी के अपना स्कोर देख सकें, वेबसाइट के अलावा छात्र अपने मोबाइल के माध्यम से एसएमएस भेजकर भी अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं, जिसकी विस्तृत जानकारी बोर्ड द्वारा पोर्टल पर साझा की गई है।
इस साल यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 50 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जो उत्तर प्रदेश के शैक्षिक इतिहास में एक बड़ा आंकड़ा है, माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस बार रिकॉर्ड समय में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य पूरा किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शिक्षा विभाग को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से नतीजे जारी करने के निर्देश दिए थे, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच भी इस बात को लेकर भारी उत्सुकता है कि इस साल का उत्तीर्ण प्रतिशत क्या रहेगा और किस जिले के मेधावी छात्र प्रदेश की टॉपर्स लिस्ट में अपनी जगह बना पाते हैं।
रिजल्ट घोषित होने से पहले बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है, बोर्ड का कहना है कि परिणाम आने के बाद यदि वेबसाइट धीमी चलती है तो छात्र कुछ समय इंतजार करें और केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर ही भरोसा करें, छात्रों को किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या कॉल से बचने की सलाह दी गई है जो नंबर बढ़वाने का झांसा देते हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद जिन छात्रों को अपने अंकों पर संदेह होगा, उन्हें स्क्रूटनी के लिए आवेदन करने का अवसर भी दिया जाएगा, फिलहाल पूरे प्रदेश में 'रिजल्ट डे' को लेकर उत्सव और तनाव का मिला-जुला माहौल बना हुआ है।
अभिषेक यादव

