
Indian Origin Pilot Killed US: अमेरिका के जॉर्जिया से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल के एक युवा कमर्शियल पायलट की शादी के कुछ ही घंटे बाद हेलीकॉप्टर क्रैश में दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा उस समय हुआ जब नवविवाहित जोड़ा अपनी शादी के जश्न के तुरंत बाद हनीमून के लिए रवाना हो रहा था। इस दुखद हादसे में हेलीकॉप्टर उड़ा रहे मुख्य पायलट की भी जान चली गई है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय देव फिजी (Dave Fiji) के रूप में हुई है, जो अमेरिका के अटलांटा के निवासी थे और उनका परिवार मूल रूप से भारत के केरल राज्य से ताल्लुक रखता है। देव खुद अमेरिकी विमानन कंपनी 'डेल्टा एयरलाइंस' में एक पेशेवर पायलट के तौर पर कार्यरत थे। जॉर्जिया के डॉसनविले में स्थित 'द रिवीयर' वेन्यू पर सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में देव और उनकी मंगेतर जेस्नी (Jessni) की शादी बेहद धूमधाम से संपन्न हुई थी।
घने जंगलों में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर
शादी की रस्में पूरी होने के बाद, इस नवविवाहित जोड़े को अटलांटा के एक होटल में रात बितानी थी। इसके लिए दोनों ने मैरिज वेन्यू के पास से ही एक 'रॉबिन्सन आर66' (Robinson R66) हेलीकॉप्टर में उड़ान भरी, जिसका गंतव्य डीकैल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया और वह करीब 10,000 एकड़ में फैले एक घने जंगली इलाके (वाइल्डलाइफ मैनेजमेंट एरिया) में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घने जंगल के कारण बचाव दल को मलबे को ढूंढने में काफी समय लगा।
Georgia Helicopter Crashमलबे में 6 घंटे तक फंसी रही नर्स पत्नी
देव के पिता जॉर्ज फिजी ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि इस खौफनाक हादसे में उनकी बहू जेस्नी चमत्कारिक रूप से बच गईं, लेकिन वह करीब 6 घंटे तक हेलीकॉप्टर के मलबे में ही फंसी रहीं। पेशे से नर्स जेस्नी ने होश में आने के बाद जब अपने पति देव को देखा, तो उनका शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ चुका था और उन पर खून लगा था। नर्स होने के नाते वह तुरंत समझ गईं कि देव अब इस दुनिया में नहीं रहे। जेस्नी को शरीर पर कुछ चोटें और खरोंचें आई हैं, लेकिन उनकी कोई हड्डी नहीं टूटी है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटीं एजेंसियां
बेटे की मौत से टूट चुके पिता जॉर्ज फिजी ने भावुक होते हुए बताया कि उनका बेटा अपनी शादी से बहुत खुश था। दोनों की मुलाकात चर्च के माध्यम से हुई थी और वे पहले अच्छे दोस्त बने और फिर उन्होंने जीवनसाथी बनने का फैसला किया था। इस बीच, अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने इस पूरे मामले को अपने हाथ में ले लिया है और हेलीकॉप्टर क्रैश के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
सुमित कुमार

