राहुल भूतड़ा- बालोद। जिले के ग्राम अंगारी में अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच पति के ठिकाने पर छापेमारी की। वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सागौन और खम्हार की लकड़ी से बने फर्नीचर, कटी हुई लकड़ी और एक मेटाडोर वाहन जब्त किया है।
जब्त सामग्री को सुरक्षित रूप से वन विभाग के डिवीजन कार्यालय स्थित रेस्ट हाउस परिसर में रखा गया है।
संयुक्त टीम ने दी दबिश
मंगलवार 4 अगस्त को अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ग्राम अंगारी निवासी अश्विनी डड़सेना के परिसर में छापा मारा। जांच के दौरान सागौन की लकड़ी से तैयार फर्नीचर, टीवी यूनिट का फ्रेम, चिरान किए गए लकड़ी के पल्ले, ताजा कटी हुई सागौन की लकड़ी तथा खम्हार की लकड़ी से बने सामान बरामद किए गए। मौके से एक मेटाडोर वाहन भी जब्त किया गया।
माप और सत्यापन के बाद होगी अगली कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल जब्त लकड़ियों ती गिनती औक माप का कार्य जारी है। अंतिम सत्यापन पूरा होने के बाद ही जब्त सामग्री की वास्तविक मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर वन अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी विवादों में रह चुका है नाम
अधिकारियों के अनुसार जिस परिसर में कार्रवाई हुई, वह ग्राम अंगारी की वर्तमान सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना से जुड़ा है। अश्विनी डड़सेना का नाम पहले भी विभिन्न मामलों में सामने आ चुका है। जानकारी के अनुसार वे धोखाधड़ी समेत अन्य मामलों में जेल जा चुके है। वहीं एक राजनीतिक दल के नेता की कार में आगजनी से जुड़े मामले में भी उन्हें न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ा था। उनकी पत्नी भी इसी प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा में रह चुकी हैं।
अवैध लकड़ी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई
जिले में इस कार्रवाई को अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें वन विभाग की अंतिम जांच रिपोर्ट और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
गरिमा थवाईत

