Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Virat Kohli: 'गुस्से में टेस्ट क्रिकेट नहीं छोड़ना चाहिए था', विराट कोहली के संन्यास पर कपिल देव का बड़ा बयान

Virat Kohli: 'गुस्से में टेस्ट क्रिकेट नहीं छोड़ना चाहिए था', विराट कोहली के संन्यास पर कपिल देव का बड़ा बयान

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर बड़ा बयान दिया। उनका मानना है कि विराट ने यह फैसला जल्दबाजी और गुस्से में लिया। अगर उन्हें टीम से बाहर भी किया जाता, तब भी उन्हें घरेलू क्रिकेट में रन बनाकर वापसी की कोशिश करनी चाहिए थी।

कपिल देव ने एक इंटरव्यू में कहा कि विराट कोहली जैसे खिलाड़ी को इतना बड़ा फैसला लेने से पहले कुछ महीने इंतजार करना चाहिए था। उन्होंने कहा, 'गुस्से में ऐसा फैसला नहीं लेना चाहिए था, क्योंकि एक बार टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के बाद फिर भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिलता। जब तक खेल रहे हो, तब तक भावनाओं में बहकर फैसला नहीं लेना चाहिए।'

विराट ने गुस्से में टेस्ट से संन्यास लिया: कपिल देव
विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। यह फैसला इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम चुने जाने से ठीक पहले आया था। इससे कुछ दिन पहले रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था। हालांकि, रोहित के बारे में पहले से संकेत थे कि सेलेक्टर्स उन्हें टीम से बाहर कर सकते हैं, जबकि विराट को लेकर खबरें आई थीं कि चयनकर्ताओं ने उन्हें फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश भी की थी। हालांकि, दोनों पक्षों ने कभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की।

विराट का टेस्ट करियर 9230 रन पर खत्म हुआ। वह 10 हजार टेस्ट रन के बड़े मुकाम से 800 रन से भी कम दूर थे। ऐसे में कई क्रिकेट फैंस की तरह कपिल देव को भी लगा कि विराट ने अपने करियर का अंत समय से पहले कर दिया।

'कोहली घरेलू क्रिकेट खेल वापसी कर सकते थे'
कपिल ने कहा कि अगर सेलेक्टर्स टीम में जगह नहीं देते तो भी निराश होने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहिंदर अमरनाथ और अंशुमन गायकवाड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया में वापसी की थी। उनका मानना है कि विराट में आज भी टेस्ट क्रिकेट खेलने की पूरी क्षमता है और अगर वह घरेलू क्रिकेट में रन बनाते तो वापसी का रास्ता खुल सकता था।

कपिल देव ने विराट के आक्रामक स्वभाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि विराट को देखकर उन्हें टेनिस के महान खिलाड़ी जॉन मैकनरो की याद आती है, जो मुकाबले के दौरान काफी भावुक और आक्रामक रहते थे। उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद का भी जिक्र किया और कहा कि कुछ खिलाड़ी जोश और आक्रामकता से बेहतर प्रदर्शन करते हैं।

हालांकि, कपिल ने मुस्कुराते हुए कहा कि जब भी वह विराट को खेलते देखते थे तो मन में यही आता था कि यार, थोड़ा शांत हो जाओ। लेकिन अगर यही आक्रामक रवैया विराट के प्रदर्शन को बेहतर बनाता है तो उसमें कोई बुराई भी नहीं है।

सौरभ मिश्रा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi