Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Xiaomi 17T Series: शाओमी ने लॉन्च किए दो धांसू स्मार्टफोन, 1.5K AMOLED डिस्प्ले के साथ मिलेंगे लाइका के कैमरे, जानें कीमत

Xiaomi 17T Series: शाओमी ने लॉन्च किए दो धांसू स्मार्टफोन, 1.5K AMOLED डिस्प्ले के साथ मिलेंगे लाइका के कैमरे, जानें कीमत

Xiaomi 17T Series: टेक कंपनी शाओमी ने वैश्विक बाजारों में अपनी नई फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Xiaomi 17T को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। यह नई सीरीज बाजार में पहले से मौजूद शाओमी 15T सीरीज के अपग्रेड के रूप में उतारी गई है।

इस नई लाइनअप के तहत कंपनी ने दो बेहतरीन मॉडल्स बाजार में उतारे हैं, जिनमें स्टैंडर्ड Xiaomi 17T और प्रीमियम Xiaomi 17T Pro शामिल हैं। इन दोनों ही स्मार्टफोन्स में फोटोग्राफी के लिए लाइका (Leica) की ट्यूनिंग वाले शानदार ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिए गए हैं।

प्रोसेसर की बात करें तो स्टैंडर्ड Xiaomi 17T मॉडल में मीडियाटेक डाइमेंशन 8500-अल्ट्रा चिपसेट दिया गया है, जबकि इसके प्रो वेरिएंट को ज्यादा पावरफुल डाइमेंशन 9500 प्रोसेसर से लैस किया गया है। शाओमी 17T सीरीज के ये दोनों ही मॉडल 1.5K रेजोल्यूशन वाले एमोलेड डिस्प्ले के साथ आते हैं और ये एंड्रॉइड 16 पर आधारित कंपनी के लेटेस्ट हाइपरओएस 3 (HyperOS 3) ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करते हैं।

Xiaomi 17T और Xiaomi 17T Pro की कीमत और उपलब्धता
कीमतों पर नजर डालें तो Xiaomi 17T के बेस वेरिएंट की कीमत 749 यूरो (लगभग 83,500 रुपये) तय की गई है, जिसमें यूजर्स को 12GB रैम के साथ 256GB की इंटरनल स्टोरेज मिलती है। वहीं इस फोन का 514GB स्टोरेज वाला दूसरा वेरिएंट 799 यूरो (लगभग 89,000 रुपये) की कीमत पर उपलब्ध होगा। यह फोन ग्राहकों के लिए ब्लैक, ब्लू, ओपल व्हाइट और वॉयलेट जैसे चार खूबसूरत रंगों में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है।

दूसरी ओर, प्रीमियम मॉडल Xiaomi 17T Pro के 12GB रैम और 512GB स्टोरेज वाले शुरुआती कॉन्फ़िगरेशन की कीमत 899 यूरो (लगभग 1,02,000 रुपये) रखी गई है। इसके अलावा फोन के 512GB और 1TB स्टोरेज वाले अन्य वेरिएंट्स की कीमत क्रमशः 999 यूरो (लगभग 1,11,400 रुपये) और 1,099 यूरो (लगभग 1,22,500 रुपये) तय की गई है। यह प्रो मॉडल डीप ब्लू, डीप वॉयलेट और ब्लैक कलर शेड्स में आता है। कंपनी ने इन दोनों ही स्मार्टफोन की बिक्री यूके और चुनिंदा यूरोपीय बाजारों में शुरू कर दी है।

Xiaomi 17T सीरीज के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
मानक Xiaomi 17T स्मार्टफोन में 6.59 इंच का एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जो 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसके साथ ही इसमें HDR10+, डॉल्बी विजन, 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट कवरेज और 3,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस जैसी खूबियां मिलती हैं। इसके विपरीत, प्रो मॉडल यानी Xiaomi 17T Pro में थोड़ा बड़ा 6.83 इंच का एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz तक के हाई रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है।

परफॉर्मेंस के लिए Xiaomi 17T में मीडियाटेक डाइमेंशन 8500 अल्ट्रा चिपसेट के साथ शाओमी के खुद के विकसित किए गए सर्ज T1 प्लस और T1S चिप्स भी जोड़े गए हैं। बेहतर गेमिंग के लिए इसमें 3D आइस लूप कूलिंग सिस्टम मौजूद है। साथ ही इसमें एस्ट्रो कम्युनिकेशन फीचर दिया गया है, जो कंपनी के दावे के मुताबिक चुनिंदा परिस्थितियों में बिना इंटरनेट या नेटवर्क के भी 1.3 किलोमीटर की दूरी तक ऑफलाइन बातचीत करने की सुविधा देता है। वहीं इसके प्रो मॉडल में फ्लैगशिप मीडियाटेक डाइमेंशन 9500 प्रोसेसर का इस्तेमाल हुआ है।

लाइका ब्रांडिंग के साथ मिलेगा दमदार कैमरा सेटअप
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए दोनों ही फोन्स में लाइका कंप्लीट कैमरा सिस्टम दिया गया है। इसमें 5x ऑप्टिकल ज़ूम के साथ 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड-एंगल कैमरा शामिल है। हालांकि दोनों फोन्स के मुख्य कैमरे में अंतर है। Xiaomi 17T में 50 मेगापिक्सल का लाइट फ्यूजन 800 सेंसर मिलता है, जबकि प्रो मॉडल में 50 मेगापिक्सल का लाइट फ्यूजन 950 सेंसर दिया गया है, जिसका इस्तेमाल कंपनी ने अपने शाओमी 17 मॉडल में भी किया था।

सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के शौकीनों के लिए दोनों हैंडसेट्स के फ्रंट में 32 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है, जो 60fps पर 4K HDR10 वीडियो रिकॉर्डिंग करने की क्षमता रखता है। इन दोनों मॉडलों में एंड्रॉइड 16 आधारित हाइपरओएस 3 और शाओमी इकोसिस्टम के अन्य फीचर्स कॉमन हैं।

7,000mAh की बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग सपोर्ट
पावर बैकअप के मामले में भी यह सीरीज काफी दमदार है। स्टैंडर्ड Xiaomi 17T मॉडल में 6,500mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 67W की वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। बैटरी के मामले में इसका प्रो मॉडल और भी आगे है, जिसमें कंपनी ने 7,000mAh की बेहद विशाल बैटरी दी है। यह प्रो मॉडल 100W की वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 50W की वायरलेस चार्जिंग तकनीक को भी पूरी तरह से सपोर्ट करता है।

सुमित कुमार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi