
हरियाणा के यमुनानगर में हमीदा इलाके में पड़ोसियों ने रंजिश में एक व्यक्ति पर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मेहंदी हसन के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे।
बैठक में हुई थी कहासुनी, जो बनी मौत का कारण
घटनाक्रम की शुरुआत रात करीब 9 बजे हुई। जानकारी के अनुसार हमीदा के गुजरान मोहल्ला निवासी मेहंदी हसन गली के पास स्थित एक बैठक में बैठे थे। तभी वहां पड़ोस में रहने वाला अवैश नामक युवक भी आ गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। हालांकि, उस वक्त वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया और दोनों अपने-अपने घर लौट गए।
टहलने निकले मेहंदी पर गंडासियों से ताबड़तोड़ हमला
विवाद शांत होता दिख रहा था, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश पनप रही थी। रात करीब 10:30 बजे जब मेहंदी हसन खाना खाने के बाद घर के बाहर गली में टहलने निकले, तो पहले से घात लगाए बैठे अवैश ने अपने पिता, दो भाइयों और कुछ अन्य साथियों के साथ उन पर धावा बोल दिया। आरोपियों के पास गंडासियां और अन्य तेजधार हथियार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने मेहंदी हसन पर गंडासियों से कई वार किए। जब मेहंदी हसन के चिल्लाने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों ने लहूलुहान हालत में मेहंदी हसन को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई (PGI) रेफर कर दिया।अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मेहंदी हसन की सांसें थम गईं। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया
वारदात की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और हमीदा चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत और बयानों के आधार पर पुलिस ने अवैश, उसके परिवार के सदस्यों और अन्य समेत कुल 6 से 7 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
इस हत्या के बाद हमीदा क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह मामूली कहासुनी ही लग रही है, लेकिन जांच के हर पहलू को खंगाला जा रहा है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है ताकि उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
आनंद नायक

