Himachal BJP: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि बीजेपी प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल के खिलाफ एक विस्तृत चार्जशीट तैयार करेगी। इस चार्जशीट में सरकार की जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और अधूरे वादों का पूरा ब्यौरा होगा, जिसे बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जनता के सामने रखेंगे।
जनता सरकार से जवाब मांग रही है
डॉ. बिंदल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं, युवाओं, किसानों, बागवानों, कर्मचारियों और बेरोजगारों से कई बड़ी गारंटियां और वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद इनमें से अधिकांश घोषणाएं अधूरी ही रह गईं। अब जनता सरकार से जवाब मांग रही है और बीजेपी जनता की इस आवाज को मजबूती से उठाएगी।
चार्जशीट में शामिल होंगे ये मुख्य मुद्दे
अधूरे वादे: महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार, किसानों-बागवानों से जुड़ी घोषणाएं और कर्मचारियों को दिए गए आश्वासनों की हकीकत।
आर्थिक व कानून-व्यवस्था का संकट: प्रदेश में बढ़ता आर्थिक संकट, लचर कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मामले।
महंगाई और ठप विकास: जनता पर बढ़ाए गए करों व शुल्कों का बोझ और विकास कार्यों की धीमी गति।
प्रदेशभर में शुरू होगा जनसंपर्क अभियान
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने जनहित के काम करने के बजाय तरह-तरह के टैक्स और आर्थिक भार बढ़ाकर आम जनता को परेशान किया है। कई विकास परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं और सरकारी संस्थानों पर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस चार्जशीट के माध्यम से प्रदेशभर में एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

