Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य की सीएम सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर करारा प्रहार किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने पिछले लगभग चार वर्षों में हिमाचल प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध, बदले की भावना और प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का केंद्र बना दिया है।जयराम ठाकुर ने कहा कि देवभूमि हिमाचल अपनी शांतिप्रिय संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के लिए जानी जाती है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की इस मूल पहचान को आघात पहुँचाया है।
सरकार बनते ही संस्थानों पर चला ताला, विरोधियों पर एफआईआर
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस ने सबसे पहले जनहित के विकास कार्यों और पूर्व सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद करने का अभियान चलाया। इसके बाद राजनीतिक विरोधियों को चुन-चुनकर निशाना बनाना शुरू किया गया।उन्होंने बताया कि पंचायत, नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों (धर्मशाला व सोलन नगर निगम, हमीरपुर और कांगड़ा जिला परिषद) में जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए बीजेपी को स्पष्ट जनादेश दिया। इस हार से बौखलाई सरकार ने विजयी जनप्रतिनिधियों को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया है।जिनमें डॉ. राजीव बिंदल,विधायक सुधीर शर्मा, होशियार सिंह, आशीष शर्मा,पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, बीजेपी में शामिल हुए अन्य नेता, उनके परिवार और सहयोगी शामिल है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि अधिकारियों पर दबाव बनाकर भाजपा नेताओं के खिलाफ फर्जी मामले और एफआईआर तैयार करवाई जा रही हैं।
बिगड़ती कानून-व्यवस्था, फोन टैपिंग और 'हार्मनी ऑफ पाइंस' विवाद
जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या, गोलीबारी और महिला अपराधों जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह निष्क्रिय है, जबकि विरोधियों को फंसाने के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी झोंक दी गई है।पुलिस विभाग के सांस्कृतिक बैंड 'हार्मनी ऑफ पाइंस' में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर समय पर कार्रवाई न होना सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है।जनप्रतिनिधियों और विपक्षी नेताओं की अवैध निगरानी (फोन टैपिंग) को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए जयराम ठाकुर ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर 'चार्जशीट' लाएगी बीजेपी
नेता प्रतिपक्ष ने ऐलान किया कि बीजेपी कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन, सत्ता के दुरुपयोग और राजनीतिक बदले की कार्रवाई का एक दस्तावेजी संकलन (चार्जशीट) तैयार कर रही है।बीजेपी गांव-गांव, मंडल और विधानसभा स्तर पर इस चार्जशीट को ले जाकर जनता के बीच सरकार की विफलताओं का पर्दाफाश करेगी।
जयराम की अधिकारियों को नसीहत
जयराम ठाकुर ने नौकरशाही को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी राजनीतिक दबाव में आकर गैर-कानूनी काम न करें। प्रशासन का काम कानून का शासन बनाए रखना है, किसी दल विशेष की चापलूसी करना नहीं।जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के भीतर भी मुख्यमंत्री की कार्यशैली को लेकर गहरा असंतोष है, जिसकी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व तक पहुँच चुकी है। उन्होंने कहा कि झूठे केस दर्ज कराकर या विपक्ष की आवाज दबाकर जनता का दिल नहीं जीता जा सकता। यदि सरकार ने प्रतिशोध की राजनीति बंद नहीं की, तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में हिमाचल की जनता कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर बीजेपी को पूर्ण बहुमत सौंपेगी।
अनु गुप्ता

