HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने 'एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल चयन परीक्षा-2026' के परिणामों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बोर्ड ने इस परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी (Answer Key) आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करते हुए अभ्यर्थियों से आपत्तियां आमंत्रित की हैं।
यदि किसी परीक्षार्थी को उत्तरों को लेकर कोई संदेह है, तो वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने पक्ष बोर्ड के समक्ष रख सकते हैं।
परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रदेश भर में 29 मार्च 2026 को आयोजित की गई इस चयन परीक्षा की चारों सीरीज (A, B, C और D) की उत्तर कुंजियां अब बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि अभ्यर्थी अपने प्रदर्शन का सही आकलन कर सकें।
कैसे और कब तक दर्ज करें आपत्ति?
डॉ. शर्मा के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों को किसी भी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है, वे 10 अप्रैल 2026 से 16 अप्रैल 2026 तक अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। आपत्तियां दर्ज कराने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं: ई-मेल के माध्यम से: अभ्यर्थी प्रमाणित तथ्यों के साथ अपनी आपत्तियां [email protected] पर भेज सकते हैं।
व्यक्तिगत रूप से: कार्य दिवसों के दौरान बोर्ड कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर भी लिखित आपत्ति जमा की जा सकती है।
समय सीमा का रखें विशेष ध्यान
बोर्ड अध्यक्ष ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि 16 अप्रैल 2026 की शाम 5:00 बजे के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। डाक के माध्यम से आपत्ति भेजने वाले अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके दस्तावेज समय रहते कार्यालय पहुँच जाएं। साथ ही, बिना किसी ठोस साक्ष्य या प्रमाणित तथ्यों के भेजी गई आपत्तियों को सीधे तौर पर खारिज कर दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की सहायता या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242134 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

