Kangra Accident: कांगड़ा में एक सड़क हादसा हुआ है। पुलिस थाना डाडासीबा के अंतर्गत आरा चौक में ज्वालाजी मंदिर जा रहे पंजाब के श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं।
ये सभी ज्वालाजी मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। आरा चौक में यू-टर्न मोड़ पर अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई, जिससे वाहन में सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
चार यात्रियों को चोटें आई हैं हादसे में
पंजाब के तलवाड़ा-दितारपुर क्षेत्र से एक परिवार दो गाड़ियों में सवार होकर ज्वालाजी मंदिर जा रहा था। जैसे ही एक कार आरा चौक के पास गहरी उतराई और तीखे यू-टर्न वाले मोड़ पर पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पैरापिट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे के दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे में सवार चार यात्रियों को चोटें आई हैं। हादसे में 15 वर्षीय अमन कुमार (निवासी चक कोठी बिल्डर, तहसील मुकेरियां, पंजाब) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन को मामूली चोट पहुंची है।गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज टांडा रेफर किया गया है, जबकि मामूली घायलों का सिविल अस्पताल डाडासीबा में उपचार दिया गया।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

