Dailyhunt
"4 बच्चे पैदा करना पर्सनल च्वाइस", बोलीं सिंगर और विधायक मैथिली ठाकुर, जानें पप्पू यादव के विवादित बयान पर क्या कहा.

"4 बच्चे पैदा करना पर्सनल च्वाइस", बोलीं सिंगर और विधायक मैथिली ठाकुर, जानें पप्पू यादव के विवादित बयान पर क्या कहा.

लीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर ने गया सर्किट हाउस में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पप्पू यादव के विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बयान माफी लायक भी नहीं है और इससे समाज को बड़ा आघात पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ने जो कहा है, उसे वह दोहरा भी नहीं सकतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बयान में 90 प्रतिशत महिलाओं पर लांछन लगाया गया है, जो बेहद आपत्तिजनक है।

प्रेस वार्ता के दौरान धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के चार बच्चे पैदा करने वाले बयान पर मैथिली ठाकुर ने कहा कि यह पूरी तरह पर्सनल च्वाइस है। उन्होंने कहा कि आज का युवा सिर्फ इतना चाहता है कि उसके राज्य में बेहतर विकास हो और उसके समाज व धर्म की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

महिलाओं की राजनीति में भागीदारी पर पप्पू यादव के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि वह जिस परिवार से आती हैं, वहां माहौल को समझकर ही निर्णय लिए जाते हैं और उनके पिता ने उन्हें सोच-समझकर राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर युवा कुछ बड़ा करना चाहता है और उसी भावना के साथ वह राजनीति में आई हैं। लेकिन महिला राजनेताओं पर अभद्र टिप्पणी करना गलत है और ऐसे लोगों को माफी मांगनी चाहिए।

मैथिली ठाकुर ने नारी शक्ति वंदना अधिनियम पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि आने वाले समय में इस मुद्दे पर फिर से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मानसिकता महिलाओं के प्रति विरोधी नजर आती है और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंची है और महिलाएं अपने तरीके से जवाब देना जानती हैं।

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वहां के लोग बदलाव चाहते हैं और भाजपा के प्रति समर्थन दिखा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां प्रशासन बेबस नजर आता है और अपराध के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, जिससे आतंकवाद बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वहां जाने से पहले वह ऐसे वीडियो देखती थीं, जिनमें हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं दिखाई देती थीं, जिससे उन्हें असहजता महसूस होती थी। उन्होंने यह भी कहा कि वहां की महिलाएं खुद अपनी महिला मुख्यमंत्री से परेशान हैं और बच्चियों ने भी बदलाव के पक्ष में समर्थन जताया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Himachal Fast News