Dailyhunt
बार में चल रही थी पार्टी. IG साहब थे मौजूद, SSP ने छापा मारने का दिया आदेश. दो आदेशों के बीच फंसी पुलिसकर्मी

बार में चल रही थी पार्टी. IG साहब थे मौजूद, SSP ने छापा मारने का दिया आदेश. दो आदेशों के बीच फंसी पुलिसकर्मी

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात एक बार में चल रही कथित अनियमित पार्टी पर छापेमारी के दौरान पुलिस महकमे के भीतर ही विवाद की स्थिति पैदा हो गई। राजपुर रोड स्थित रोमियो लेन बार में हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर कई थानों की पुलिस मौजूद थी, लेकिन इसी बीच गढ़वाल रेंज के आईजी की उपस्थिति से पूरा घटनाक्रम अचानक जटिल हो गया।

सूत्रों के अनुसार, शहर में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस देर रात बार, पब और नाइट क्लबों पर सख्त निगरानी कर रही है। इसी क्रम में रात करीब साढ़े 12 बजे सूचना मिली कि रोमियो लेन बार निर्धारित समय के बाद भी संचालित हो रहा है और भीतर तेज संगीत के साथ गतिविधियां जारी हैं। सूचना पर कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचते ही बार प्रबंधन ने आनन-फानन में लाइटें बंद करना शुरू कर दिया। इसी दौरान वहां मौजूद आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप भी मौके पर पहुंच गए। उनकी मौजूदगी के बाद स्थिति अचानक बदल गई और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे।

सूत्रों के अनुसार, आईजी ने मौके पर मौजूद पुलिस बल और विभिन्न थानों से आई टीमों की उपस्थिति पर सवाल उठाए। इसी बीच प्रेमनगर थाना प्रभारी से यह भी पूछा गया कि वह अपने क्षेत्र से बाहर कैसे पहुंचे। जवाब में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई के लिए भेजा गया था।

घटनाक्रम के दौरान कुछ समय के लिए कार्रवाई प्रभावित होने की भी बात सामने आई है। हालांकि बाद में सूचना उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर देहरादून एसएसपी प्रमोद डोभाल स्वयं मौके पर पहुंचे और बार को तत्काल बंद कराया।

वहीं, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह उस क्षेत्र से गुजर रहे थे और केवल भारी पुलिस बल की मौजूदगी को देखकर सामान्य जानकारी ली थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बारे में भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं और उनका उद्देश्य किसी भी कार्रवाई में हस्तक्षेप करना नहीं था।

उधर, मामले के मीडिया में आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन ने आईजी गढ़वाल और एसएसपी देहरादून से 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Himachal Fast News