Dailyhunt
'दूल्हे को पहनाऊंगा चश्मा.' अनोखी जिद ने ली युवक की जान, बाराती ने मना किया तो उसे पीट-पीटकर मार डाला; शादी में पसरा सन्नाटा!.

'दूल्हे को पहनाऊंगा चश्मा.' अनोखी जिद ने ली युवक की जान, बाराती ने मना किया तो उसे पीट-पीटकर मार डाला; शादी में पसरा सन्नाटा!.

झारखंड : गढ़वा (झारखंड) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने एक युवक की जान ले ली। डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव में आयोजित बारात के दौरान दूल्हे को जबरन चश्मा पहनाने की जिद को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक बाराती की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, धुरकी थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव से दीपक यादव की बारात रारो गांव आई थी, जहां बारातियों का धूमधाम से स्वागत किया गया और माहौल पूरी तरह खुशनुमा था। इसी दौरान रविंद्र यादव नामक युवक दूल्हे को चश्मा पहनाने की जिद करने लगा, जिसका दूल्हे ने विरोध किया। बीच-बचाव में आए बाराती मुकेश यादव ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करा दिया। लेकिन कुछ देर बाद मामला और गंभीर हो गया, जब मुकेश यादव शौच के लिए खेत की ओर गया तो आरोपी ने उसे अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद परिजनों ने धुरकी थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया है और आरोपी रविंद्र यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार है। वहीं इस दर्दनाक वारदात से मृतक के गांव में शोक का माहौल है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Himachal Fast News