Dailyhunt
'जान लेवा' बना डीजे का शोर! सुल्तानपुर में तेज म्यूजिक सुन 140 मुर्गियों की हुई मौत; थाने पहुंचा मामला

'जान लेवा' बना डीजे का शोर! सुल्तानपुर में तेज म्यूजिक सुन 140 मुर्गियों की हुई मौत; थाने पहुंचा मामला

सुल्तानपुर : सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियों के बीच डीजे का शोर 140 मुर्गियों की मौत की वजह बन गया। यह घटना दरियापुर गांव की है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा और विवाद दोनों खड़ा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी 25 अप्रैल को थी और बारात कुड़वार के राम भद्र पुरवा गांव से आई थी। बारात में डीजे की तेज आवाज के साथ जश्न चल रहा था, लेकिन यही शोर एक पोल्ट्री फार्म के लिए भारी पड़ गया।

बारात जब साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के पास से गुजरी, तो डीजे की तेज आवाज और कंपन से अंदर मौजूद मुर्गियां बुरी तरह घबरा गईं। फार्म संचालक साबिर अली के अनुसार, मुर्गियों में अचानक अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही समय में 140 मुर्गियों की मौत हो गई।

साबिर अली का आरोप है कि उन्होंने डीजे की आवाज कम करने की कई बार गुहार लगाई, लेकिन बारातियों और डीजे संचालक ने उनकी बात को अनसुना कर दिया।

घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया। उपनिरीक्षक भरत सिंह ने डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या वाकई तेज ध्वनि प्रदूषण ही मुर्गियों की मौत का कारण बना या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी। यह अनोखा मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Himachal Fast News