Dailyhunt
मौत भी अलग नहीं कर पाई. मां के सीने से लिपटा मिला मासूम, रूह कंपा देगी बरगी डैम क्रूज हादसे की ये तस्वीर

मौत भी अलग नहीं कर पाई. मां के सीने से लिपटा मिला मासूम, रूह कंपा देगी बरगी डैम क्रूज हादसे की ये तस्वीर

बलपुर क्रूज हादसा : मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज बोट हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। तेज आंधी-तूफान के बीच पलटी क्रूज बोट में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 28 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

छह लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मां-बेटे की ममता ने सबको रुलाया

रेस्क्यू अभियान के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं। राहत टीम को एक मां और उसके चार साल के बेटे के शव मिले, जिसमें मासूम बच्चा अपनी मां के सीने से लिपटा हुआ था।

यह दिल दहला देने वाला दृश्य देखकर रेस्क्यू कर्मी भी भावुक हो गए। लोगों का कहना है कि मौत के बाद भी मां ने अपने बच्चे को अपनी बाहों से अलग नहीं होने दिया।

अचानक आए तूफान से पलटी क्रूज बोट

यह हादसा गुरुवार शाम उस समय हुआ जब क्रूज में 43 पर्यटक सवार थे। अचानक आए तेज तूफान और बारिश के कारण पानी में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे नाव असंतुलित होकर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों ने चालक दल से किनारे लौटने की गुहार लगाई थी, लेकिन तेज शोर और हालात बिगड़ने के कारण नाव नियंत्रित नहीं हो सकी।

युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद National Disaster Response Force (NDRF), State Disaster Response Force (SDRF), भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

इसके अलावा हैदराबाद से विशेष टीम और हेलीकॉप्टर, तथा कोलकाता से अर्धसैनिक बल की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। रातभर सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

20 फीट गहराई में फंसी क्रूज, मशीनों से निकासी की कोशिश

अधिकारियों के अनुसार, क्रूज बोट लगभग 20 फीट गहरे पानी में फंसी हुई है, जिसे निकालना बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके लिए हाइड्रोलिक क्रेन, एक्सकेवेटर और अन्य भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।

प्रशासन और सरकार की प्रतिक्रिया

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मौसम खराब होने और अंधेरे के कारण रात में रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ, लेकिन अब ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

जांच के आदेश

मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग और प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा है कि रेस्क्यू पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

पहचान और डेटा की जांच

सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के अनुसार, क्रूज में सवार 41 लोगों की पहचान हो चुकी है, जबकि दो लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड के आधार पर यात्रियों का डेटा सत्यापित किया जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Himachal Fast News