Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
MOTN 2026: अगले प्रधानमंत्री के लिए कौन पहली पसंद? मोदी-राहुल के बीच इतना बड़ा अंतर, MOTN सर्वे में बड़ा खुलासा.

MOTN 2026: अगले प्रधानमंत्री के लिए कौन पहली पसंद? मोदी-राहुल के बीच इतना बड़ा अंतर, MOTN सर्वे में बड़ा खुलासा.

गर आज देश में लोकसभा चुनाव कराए जाएं और जनता से पूछा जाए कि वह अगले प्रधानमंत्री के रूप में किस चेहरे को देखना चाहती है, तो नरेंद्र मोदी अभी भी सबसे मजबूत पसंद बने हुए हैं. इंडिया टुडे और सी-वोटर के ताजा Mood of the Nation यानी MOTN सर्वे में प्रधानमंत्री पद की पसंद को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं.

मोदी को 49 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया है, जबकि राहुल गांधी 27 फीसदी समर्थन के साथ दूसरे स्थान पर हैं.

इस सर्वे में सबसे ज्यादा चर्चा तीसरे नंबर के नाम को लेकर है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय को 9 फीसदी लोगों ने अगले प्रधानमंत्री के तौर पर पसंद किया है. उनका तीसरे स्थान पर पहुंचना MOTN सर्वे का अहम और चौंकाने वाला आंकड़ा माना जा रहा है.

PM पद के लिए मोदी की लोकप्रियता बरकरार

सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद के लिए 49 फीसदी लोगों की पहली पसंद हैं. यानी हर दो में से करीब एक व्यक्ति ने मोदी के नाम का समर्थन किया है. मोदी के बाद राहुल गांधी का नंबर आता है. कांग्रेस नेता को 27 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया.

दोनों नेताओं के बीच 22 प्रतिशत अंकों का अंतर है. इससे संकेत मिलता है कि प्रधानमंत्री पद की पसंद के मामले में मोदी अभी राहुल गांधी से काफी आगे हैं.

हालांकि राहुल गांधी के लिए भी आंकड़ा महत्वपूर्ण है. वह विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे प्रमुख पसंद बने हुए हैं. पिछले कुछ सर्वे में उनकी लोकप्रियता बढ़ने की चर्चा के बीच इस सर्वे में भी उन्होंने दूसरा स्थान बरकरार रखा है.

विजय का नाम तीसरे नंबर पर, आंकड़े ने चौंकाया

MOTN सर्वे का सबसे दिलचस्प पहलू सी. जोसेफ विजय का तीसरे स्थान पर रहना है. विजय को 9 फीसदी लोगों ने प्रधानमंत्री पद के लिए पसंद किया है.

तमिलनाडु की राजनीति में सक्रिय विजय की राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री पद की पसंद में यह स्थिति खासा ध्यान खींच रही है. मोदी और राहुल गांधी के बाद उन्हें सबसे ज्यादा समर्थन मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि उनकी राजनीतिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आ रही है.

इस लिहाज से देखा जाए तो मोदी 49 फीसदी, राहुल गांधी 27 फीसदी और विजय 9 फीसदी समर्थन के साथ शीर्ष तीन चेहरों में शामिल हैं.

आज चुनाव हुए तो NDA को 326 सीटों का अनुमान

MOTN सर्वे में सिर्फ प्रधानमंत्री पद की पसंद ही नहीं, बल्कि लोकसभा चुनाव को लेकर भी अनुमान सामने आया है. अगर आज चुनाव होते हैं तो सर्वे के मुताबिक NDA एक बार फिर बहुमत के आंकड़े से काफी आगे रह सकता है.

अनुमान के अनुसार NDA को 326 सीटें मिल सकती हैं. INDIA ब्लॉक के खाते में 185 सीटें जाने का अनुमान है. वहीं अन्य दलों को 32 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है.

वोट शेयर के हिसाब से भी NDA आगे है. NDA को 45 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. INDIA ब्लॉक को 39 फीसदी और अन्य दलों को 16 फीसदी वोट मिल सकते हैं.

BJP को 261 और कांग्रेस को 106 सीटों का अनुमान

पार्टीवार आंकड़ों की बात करें तो बीजेपी को अकेले 261 लोकसभा सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. वहीं कांग्रेस के खाते में 106 सीटें जा सकती हैं.

अन्य पार्टियों को मिलाकर कुल 176 सीटों का अनुमान है. इन आंकड़ों से पता चलता है कि गठबंधन की राजनीति में क्षेत्रीय दलों की भूमिका भी अहम बनी हुई है.

उत्तर प्रदेश में INDIA ब्लॉक को बढ़त

सर्वे में राज्यों के संभावित प्रदर्शन के आंकड़े भी दिए गए हैं. उत्तर प्रदेश में INDIA ब्लॉक NDA से मामूली बढ़त बनाए हुए है.

उत्तर प्रदेश में NDA को 42 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है, जबकि INDIA ब्लॉक को 40 फीसदी वोट मिल सकते हैं. सीटों की बात करें तो INDIA ब्लॉक को 41 सीटें और NDA को 38 सीटें मिलने का अनुमान है.

महाराष्ट्र में NDA आगे

महाराष्ट्र में NDA का प्रदर्शन मजबूत रहने का अनुमान है. यहां NDA को 49 फीसदी वोट शेयर मिलने की संभावना जताई गई है. INDIA ब्लॉक को 43 फीसदी वोट मिल सकते हैं. सीटों के अनुमान में NDA को 31 और INDIA ब्लॉक को 17 सीटें मिलने की बात कही गई है.

पश्चिम बंगाल में भी NDA को बड़ी बढ़त

पश्चिम बंगाल के आंकड़े भी NDA के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं. सर्वे के अनुसार NDA को यहां 46 फीसदी वोट मिल सकते हैं. INDIA ब्लॉक के खाते में 11 फीसदी वोट आने का अनुमान है. सीटों के लिहाज से NDA को 35 और INDIA ब्लॉक को 7 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है.

पंजाब में INDIA ब्लॉक मजबूत

पंजाब में तस्वीर दूसरे राज्यों से अलग दिखाई देती है. यहां INDIA ब्लॉक को 25 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है, जबकि NDA को 16 फीसदी वोट मिल सकते हैं.

सीटों की बात करें तो INDIA ब्लॉक को 11 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं NDA के खाते में सिर्फ 1 सीट जाने की संभावना बताई गई है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Himachal Fast News