Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
विदेशी कंपनी बेच रही है लेंसकार्ट के 1313 करोड़ रुपये के शेयर, बाजार भाव से कम रखा गया है रेट​

विदेशी कंपनी बेच रही है लेंसकार्ट के 1313 करोड़ रुपये के शेयर, बाजार भाव से कम रखा गया है रेट​

शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए लेंसकार्ट से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. देश की मशहूर आईवियर रिटेल कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में एक बड़ी ब्लॉक डील होने जा रही है. इस डील के तहत कंपनी के मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी कम करने जा रहे हैं.

बाजार में आई तेजी के बीच विदेशी निवेशक मुनाफावसूली के मूड में नजर आ रहे हैं.

1313 करोड़ की महाडील का पूरा गणित

अल्फा वेव वेंचर्स II एलपी इस ब्लॉक डील के जरिए लेंसकार्ट में अपनी हिस्सेदारी बेचने जा रही है. जानकारी के मुताबिक, करीब 2.08 करोड़ शेयर बेचे जाएंगे. ये कंपनी की कुल हिस्सेदारी का लगभग 1.2 प्रतिशत हिस्सा है. इस बड़ी डील के लिए 630 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया गया है. अगर हम 27 अगस्त के क्लोजिंग भाव से इसकी तुलना करें, तो ये फ्लोर प्राइस करीब 1.7 प्रतिशत कम है. इस हिसाब से शेयर बेचने वाले निवेशक को करीब 1,313 करोड़ रुपये मिलेंगे. इस ट्रांजैक्शन को पूरा करने की जिम्मेदारी कोटक सिक्योरिटीज के साथ स्पार्क इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज को मिली है.

पैसा कंपनी के खाते में क्यों नहीं जाएगा?

कई बार निवेशकों को लगता है कि शेयर बिकने से कंपनी को फंड मिलता है. लेकिन इस ब्लॉक डील में ऐसा नहीं होगा. ये पूरी तरह से एक सेकेंडरी शेयर सेल है. इसका सीधा मतलब ये है कि लेंसकार्ट कोई नए शेयर जारी नहीं कर रही है. बल्कि, मौजूदा शेयरधारक अपने पहले से खरीदे हुए शेयर बेच रहा है. यही वजह है कि डील से मिलने वाली 1,313 करोड़ रुपये की रकम सीधे सेलर के खाते में जाएगी, न कि कंपनी के. ये डील भारतीय स्टॉक एक्सचेंजों पर ऑनस्क्रीन ट्रांजैक्शन के जरिए पूरी की जाएगी. इसके अलावा, सेलर पर डील के बाद 45 दिन का लॉकअप पीरियड भी लागू रहेगा.

शेयर बेचने वाली कंपनी का बैकग्राउंड

लेंसकार्ट के शेयर बेचने वाली कंपनी अल्फा वेव वेंचर्स II एलपी केमैन आइलैंड्स का एक प्राइवेट ग्रोथ वेंचर फंड है. इसकी शुरुआत सितंबर 2021 में हुई थी. फिलहाल इसे काइमेरा के साथ मिलकर अल्फा वेव ग्लोबल मैनेज करते हैं. ये फंड मुख्य रूप से ग्रोथ स्टेज वाली कंपनियों में पैसा लगाता है. इनका सबसे ज्यादा फोकस फिनटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , लाइफ साइंसेज, कंज्यूमर इंटरनेट सेक्टर्स पर रहता है.

लेंसकार्ट के शेयर का हाल

लेंसकार्ट के शेयरों ने हाल के दिनों में अपने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. गुरुवार को कंपनी का शेयर मामूली 0.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 642 रुपये पर बंद हुआ था. हालांकि, पिछले एक महीने का रिकॉर्ड देखें तो इसके शेयरों में 12.25 प्रतिशत की अच्छी खासी तेजी दर्ज की गई है. वहीं, पिछले एक साल में इस शेयर ने 59.19 प्रतिशत का बंपर रिटर्न दिया है. आज के समय में लेंसकार्ट का कुल मार्केट कैप 1.12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.


Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Himachali Khabar Hindi