Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Ajit Doval China Visit : भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर कूटनीतिक प्रयास एक बार फिर तेज होने जा रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल सोमवार को चीन के बीजिंग पहुंचेंगे, जहां वह विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता में हिस्सा लेंगे।

इस बैठक में सीमा मुद्दों के साथ-साथ दोनों देशों के आपसी संबंधों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

डोभाल की यह वार्ता ऐसे समय हो रही है, जब भारत और चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर तनाव कम करने की प्रक्रिया में आगे बढ़ रहे हैं। जून 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों में बड़ा तनाव आया था। इसके बाद पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों ने बड़ी संख्या में सैनिकों और सैन्य संसाधनों की तैनाती की थी।

भारत-चीन सीमा विवाद के समाधान के लिए विशेष प्रतिनिधि तंत्र एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक मंच है। इस व्यवस्था के तहत भारत की ओर से NSA अजीत डोभाल और चीन की ओर से उनके समकक्ष बातचीत करते हैं। इसका उद्देश्य सिर्फ सीमा पर तत्काल तनाव कम करना नहीं, बल्कि विवाद के दीर्घकालिक राजनीतिक समाधान की दिशा में भी प्रयास करना है।

बैठक के दौरान LAC की स्थिति, सैनिकों की तैनाती, सीमा क्षेत्रों में शांति बनाए रखने और भविष्य के लिए सीमा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। भारत लगातार यह रुख रखता आया है कि सीमा पर शांति और स्थिरता दोनों देशों के संबंधों को सामान्य बनाने के लिए जरूरी है।

भारत और चीन के बीच पिछले कुछ वर्षों में सैन्य और राजनयिक स्तर पर कई दौर की बातचीत हो चुकी है। इन बैठकों का उद्देश्य सैनिकों की वापसी, डिसएंगेजमेंट और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थिरता बनाए रखना रहा है। डोभाल और वांग यी की यह बैठक दोनों देशों के बीच संवाद को आगे बढ़ाने और सीमा विवाद पर समाधान तलाशने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindi Khabar