Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मानसून की रफ्तार तेज, दक्षिण भारत में जल्द होगी जोरदार एंट्री

मानसून की रफ्तार तेज, दक्षिण भारत में जल्द होगी जोरदार एंट्री

Weather Alert : देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति तेज हो गई है और मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के भीतर इसके केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।

सामान्य तौर पर मानसून एक जून तक केरल पहुंच जाता है, लेकिन इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण इसकी रफ्तार कुछ धीमी रही। हालांकि दक्षिण भारत के तटीय इलाकों और महाराष्ट्र में मानसून पूर्व बारिश का दौर शुरू हो चुका है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाओं के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इन हवाओं के प्रभाव से केरल, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। साथ ही मानसून के दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।

उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते नौतपा का असर पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ गया है। फिलहाल अधिकांश क्षेत्रों में लू चलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने 6 जून को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 जून तक छिटपुट बारिश, ओलावृष्टि और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।

बारिश और बादलों के असर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

गुजरात के अहमदाबाद में भी मौसम ने अचानक करवट ली। शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं, बिजली की चमक और हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट हुई और लोगों को उमस तथा गर्मी से काफी राहत महसूस हुई।

आईएमडी के अनुमान के अनुसार मानसून की रफ्तार बनी रही तो 15 जुलाई तक यह पूरे देश को अपनी चपेट में ले सकता है। फिलहाल दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट तथा बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बड़ी गोल्ड पिला दो….पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश की डिमांड बनी चर्चा का विषय

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindi Khabar