Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

Morocco Spain Border : अफ्रीकी देश मोरक्को की सीमा से स्पेन में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्पेन के स्यूटा इलाके में प्रवासियों की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि स्पेन और मोरक्को के 100 से अधिक सुरक्षाकर्मी घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बेहतर जीवन और रोजगार की तलाश में अफ्रीका और एशिया के कई देशों से लोग यूरोप पहुंचने की कोशिश करते हैं। स्यूटा मोरक्को के उत्तरी तट पर स्थित स्पेन का एक क्षेत्र है। यहां प्रवेश करने के बाद प्रवासियों को यूरोपीय संघ के इलाके में पहुंचने का रास्ता मिल जाता है, जिसके कारण यह इलाका अवैध रूप से यूरोप में दाखिल होने की कोशिश करने वालों के लिए अहम रास्ता बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि करीब 3,000 प्रवासियों ने सुबह के समय सीमा पार करने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाबलों की तैनाती को पार करने के प्रयास में सीमा क्षेत्र में अफरातफरी फैल गई। संकरे रास्तों और सुरक्षा घेरे के बीच लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। हादसे में कई लोगों की मौत दम घुटने, दबने और समुद्र में डूबने से हुई।

स्यूटा भले ही अफ्रीकी महाद्वीप में स्थित है, लेकिन प्रशासनिक रूप से यह स्पेन और यूरोपीय संघ का हिस्सा है। यही वजह है कि प्रवासी इसे यूरोप पहुंचने का सीधा रास्ता मानते हैं। स्यूटा और मेलिला ऐसे दो क्षेत्र हैं, जहां अफ्रीका और यूरोप की जमीनी सीमा जुड़ती है।

पिछले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में प्रवासियों ने स्यूटा में प्रवेश करने की कोशिश की थी। इसी सप्ताह करीब 1,500 प्रवासी इलाके में दाखिल होने में सफल हुए थे। इसके बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ सीमा पार करने की कोशिश के दौरान स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

सीमा पार करने के लिए प्रवासी कई तरीके अपनाते हैं। कुछ लोग समुद्र के रास्ते तैरकर पहुंचने की कोशिश करते हैं, जबकि कुछ छोटी नावों का सहारा लेते हैं। वहीं कई लोग सीमा पर लगी ऊंची सुरक्षा बाड़ को पार करने या काटने का प्रयास करते हैं। हालांकि, सीमा पर लगे निगरानी उपकरण, सेंसर और सुरक्षाबलों की तैनाती के कारण बड़ी संख्या में लोगों को रोक लिया जाता है।

हादसे के बाद स्पेन सरकार ने सीमा सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त सैन्य बल तैनात करने का फैसला किया है। साथ ही हवाई और समुद्री निगरानी भी बढ़ाई गई है। पानी में गश्त के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। यूरोपीय संघ ने भी सीमा प्रबंधन और तटरक्षक एजेंसी फ्रोंटेक्स के जरिए स्पेन की मदद करने की पेशकश की है। यह घटना एक बार फिर यूरोप पहुंचने की कोशिश में जुटे प्रवासियों के सामने मौजूद खतरों को उजागर करती है, जहां बेहतर भविष्य की तलाश में हजारों लोग हर साल जोखिम भरे रास्तों का सहारा लेते हैं।

देशभर में मानसून का कहर, भारी बारिश से गुजरात-उत्तराखंड में स्कूल बंद, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindi Khabar