Noida Crime News : नोएडा में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक की कथित पिटाई के बाद मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान हरदोई के संडीला गांव निवासी 27 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह नोएडा के हरौला में रहने वाले अपने गांव के परिचित नीरज लोधी से मिलने पहुंचा था। नीरज ने पुलिस को बताया कि वह नौकरी की तलाश में गांव से नोएडा आया था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात प्रमोद पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला का मोबाइल चोरी करने की कोशिश करने का आरोप लगा। महिला की नजर पड़ने पर उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और प्रमोद को पकड़ लिया।
आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने प्रमोद के साथ मारपीट की। कुछ देर बाद उसे छोड़ा गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। इसके बाद एक दोस्त और एक अन्य युवक की मदद से प्रमोद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में देर रात प्रमोद की तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर गाजियाबाद में रहने वाले उसके मामा ब्रिजनंदन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
प्रमोद के मामा ब्रिजनंदन ने फेज वन थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला के अनुसार, मामले में 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस प्रमोद के दोस्त से मारपीट करने वालों की पहचान कराने के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 15 लोगों की मौत; 9 पुलिसकर्मी निलंबित

