Araria Double Murde : बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस ने चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं और लगभग 150 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज को अहम सुराग माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े संदिग्धों की पहचान तेजी से की जा रही है। जांच टीम विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है ताकि जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा हो सके।
घटना के बाद फारबिसगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि प्रभावित इलाके में भीड़ कम देखी जा रही है।
घटना के पीछे की वजह को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बताया जा रहा है कि एक सत्तू विक्रेता और पिकअप चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह वारदात हुई। हालांकि, नशे से जुड़े संपर्क और पुरानी जान-पहचान जैसी बातों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है। जांच सभी संभावित एंगल पर जारी है।
घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव सहित कई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने पर सरकार का विशेष ध्यान, उद्योगों को मिलेगी बड़ी राहत - संजीव अरोड़ा

