Dailyhunt
रूपाली चाकणकर ने NCP महिला विंग अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, अशोक खरात मामले में बढ़ा विवाद

रूपाली चाकणकर ने NCP महिला विंग अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, अशोक खरात मामले में बढ़ा विवाद

Rupali Chakankar Resignation : एनसीपी नेता रूपाली चाकंकर ने बढ़ते विवाद के बीच बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महाराष्ट्र महिला इकाई के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला उन्होंने पार्टी नेतृत्व, खासकर सुनेत्रा पवार से बातचीत के बाद लिया.

दरअसल, यह मामला उस समय गरमाया जब उनका नाम बलात्कार के आरोपी अशोक खरात से जोड़ा गया. इस विवाद के सामने आने के बाद उन्हें लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था. इससे पहले भी उन्होंने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था.

चाकंकर ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि आरोपी के साथ उनके किसी भी तरह के वित्तीय या निजी संबंध नहीं हैं और उन्होंने शुरुआत से ही इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल होने के बाद विपक्ष और अन्य नेताओं ने उनके खिलाफ आवाज तेज कर दी.

गौरतलब है कि नासिक के रहने वाले अशोक खरात को एक महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने महिला को नशीला पदार्थ देकर लंबे समय तक उसका शोषण किया. मामले के सामने आने के बाद से ही राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है.

'गैंगस्टरां ते वार' का 66वां दिन: पंजाब पुलिस की 531 जगहों पर छापेमारी, 167 गिरफ्तार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindi Khabar