Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
उत्तराखंड में बारिश का कहर, नदियां उफान पर, 5 लोगों की मौतें, कई राज्यों में अलर्ट, 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिरे

उत्तराखंड में बारिश का कहर, नदियां उफान पर, 5 लोगों की मौतें, कई राज्यों में अलर्ट, 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिरे

Uttarakhand Rain : उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर नुकसान की खबर सामने आई है। देहरादून में बरसाती नदी के तेज बहाव में एक कार बह गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।

वहीं, एक लड़की को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अल्मोड़ा के उड़यूड़ा गांव में पहाड़ी से अचानक आया मलबा एक घर में घुस गया। हादसे के समय घर में सो रहे तीन लोग मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

बारिश के कारण कुछ समय के लिए रोकी गई केदारनाथ यात्रा अब दोबारा शुरू कर दी गई है। सोनप्रयाग से यात्रियों को धाम के लिए रवाना नहीं किया जा रहा था, लेकिन हालात में सुधार के बाद श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति दे दी गई है।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई। यहां 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिरने की जानकारी सामने आई है। बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी में अचानक पानी बढ़ने से जाफरगंज पुल पर दो फीट से ज्यादा पानी बहने लगा। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। रांची समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार में मौसम विभाग ने पटना समेत 14 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में 4 सितंबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है।

वहीं, मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य बारिश का 74 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। प्रदेश में करीब 27.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। अगस्त महीने में ही लगभग 12 इंच पानी गिरा, जबकि सितंबर में सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा करने के लिए करीब 9.6 इंच बारिश की जरूरत है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindi Khabar