Dailyhunt
धमतरी : अछोटा में ग्रामीणों का सड़क जाम, अनियमितताओं और अवैध रेत खनन पर कार्रवाई की मांग तेज

धमतरी : अछोटा में ग्रामीणों का सड़क जाम, अनियमितताओं और अवैध रेत खनन पर कार्रवाई की मांग तेज

धमतरी, 05 मई (हि.स.)। धमतरी जिला मुख्यालय से लगे ग्राम अछोटा में मंगलवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। सुबह लगभग 10 बजे सैकड़ों ग्रामीण नगरी-धमतरी मार्ग पर उतर आए और सड़कजाम कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया।

तेज धूप के बीच महिलाएं भी सड़क पर बैठ गईं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर डटी रहीं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में पंचायत के विकास कार्यों, फंड और विभिन्न योजनाओं में गंभीर अनियमितताएं की गईं। इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीण जितेंद्र देवांगन, योगेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि शिकायतों पर लगातार अनदेखी के चलते पहले उन्होंने राजनीतिक स्तर पर विरोध दर्ज करते हुए भाजपा से इस्तीफा दिया, लेकिन जब वहां भी सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ा। सड़कजाम के दौरान ग्रामीण "जिला प्रशासन होश में आओ" और "अवैध खनन बंद करो" जैसे नारे लगाते रहे।

उनका कहना था कि क्षेत्र में अवैध रेत खनन खुलेआम जारी है, लेकिन खनिज विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे न केवल शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण और ग्रामीणों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है। स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद ग्रामीण तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और लंबे समय तक सड़कजाम जारी रखा। इससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। काफी समझाइश और वार्ता के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई और यातायात बहाल किया जा सका। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया जारी है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले पर धमतरी एसडीएम पीयूष तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पूर्व सरपंच से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है। साथ ही अवैध खनन पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi