Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
एक्जिट पोल : बंगाल-केरल में बदलाव, असम-तमिलनाडु में वापसी

एक्जिट पोल : बंगाल-केरल में बदलाव, असम-तमिलनाडु में वापसी

ई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। मतदान बाद होने वाले सर्वे यानी एक्जिट पोल के अनुसार पश्चिम बंगाल में इस बार भाजपा सरकार बनाने के करीब नजर आ रही है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन की 10 साल बाद सत्ता में वापसी हो सकती है और वहीं तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक की वापसी की संभावना बनी हुई है।

असम में भाजपा फिर सत्ता में स्पष्ट तौर पर लौटती दिखाई दे रही है।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने के साथ ही पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनावों से जुड़ी मतदान की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। मतदान के अंतिम चरण के बाद विभिन्न सर्वे एजेंसियों और चैनलों के एक्जिट पोल आने शुरु हो गए हैं। खबर लिखे जाने तक जिनके आंकड़े प्राप्त हुए हैं उनके आधार पर पश्चिम बंगाल और केरल में बदलाव की प्रबल संभावना दिखाई दे रही है। बाकी तीन राज्यों में सत्तारूढ़ गठबंधन वापसी कर सकता है।

पश्चिम बंगाल: तृणमूल 130-149 सीट, भाजपा 134-155 सीट, अन्य 2-6 सीट

सर्वे बता रहे हैं पश्चिम बंगाल में अबतक का सबसे अधिक मतदान सत्तारूढ़ दल के खिलाफ जाता नजर आ रहा है। राज्य हाल ही में एसआईआर की प्रक्रिया से गुजरा है जो तृणमूल और चुनाव आयोग के बीच गतिरोध का भी कारण रहा। यहां सत्ता में तृणमूल और विपक्ष में भाजपा है। भाजपा पिछली बार 77 सीटों तक सीमित रह गई थी। राज्य में 294 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए।

पश्चिम बंगाल में मैट्रिज ने तृणमूल 125-140, भाजपा 146-161, अन्य 6-10 का अनुमान दिया है। पी-मार्क के अनुसार तृणमूल 118-138, भाजपा 150-175, अन्य 2-6 । पीपुल्स पल्स ने तृणमूल 177-187, भाजपा 95-110, लेफ्ट 0-1, कांग्रेस 1-3, अन्य को 1-2 का अनुमान दिया है। पोल डायरी ने तृणमूल 99-127, भाजपा 142-171, लेफ्ट 2-3, कांग्रेस 3-5, अन्य 0-1 । जेवीसी ने तृणमूल 131-152, भाजपा 138-159, कांग्रेस 0-2 का अनुमान दिया है।

केरल: औसत एलडीएफ 55-64 सीट, यूडीएफ 73-82 सीट, एनडीए 2-5 सीट और अन्य 0-2

केरल में 10 साल बाद कांग्रेस गठबंधन यूडीएफ वापसी करता नजर आ रहा है, वहीं वामपंथी पार्टियों के नेतृत्व (एलडीएफ) वाली एकमात्र सरकार सत्ता से बाहर जाती दिखाई दे रही है। 140 सीटों वाली विधानसभा में जीतने के लिए 71 सीटें चाहिए।

केरल में एक्सिस माई इंडिया के अनुसार एलडीएफ 49-62, यूडीएफ 78-90, एनडीए 0-3 सीटें पा सकता है। मैट्रिज ने एलडीएफ को 60-65, यूडीएफ को 70-75, एनडीए को 3-5, अन्य को 2-4 सीटें दी हैं। पीपुल्स पल्स का अनुमान है कि एलडीएफ 55-65, यूडीएफ 75-85, एनडीए 0-3 सीटें ले जा सकता है। पी-मार्क ने एलडीएफ 60-65, यूडीएफ 70-75, एनडीए 3-5 सीटों का अनुमान जताया है। जेवीसी के अनुसार एलडीएफ 52-61, यूडीएफ 72-84, एनडीए 3-7, अन्य 0 हैं।

तमिलनाडु: द्रमुक 108-125 सीट, अन्नाद्रमुक 73-89, टीवीके 30-39 सीट और अन्य 1-4 सीट

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल द्रमुक की वापसी होती दिखाई दे रही है। यहां मुख्य मुकाबला क्षेत्रीय पार्टियों द्रमुक और अन्नाद्रमुक के बीच ही रहा है। इस बार अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके भी कुछ सीटें जीतने का अनुमान है। कांग्रेस द्रमुक और भाजपा अन्नाद्रमुक के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। राज्य की 234 सीटों में जीतने के लिए 118 सीटें चाहिए।

तमिलनाडु में एक्सिस माई इंडिया ने द्रमुक 92-110, अन्नाद्रमुक 22-32, टीवीके 98-120 का अनुमान दिया है। मैट्रिज ने द्रमुक 122-132, अन्नाद्रमुक 87-100, टीवीके 10-12, अन्य 0-6 बताया है। पी-मार्क ने द्रमुक 125-145, अन्नाद्रमुक 65-85, टीवीके 16-26, अन्य को 1-6 सीटें दी है। पीपुल्स पल्स ने द्रमुक 125-145, अन्नाद्रमुक 65-80, टीवीके 18-24 और अन्य को 2-6 सीटें दी है। जेवीसी ने द्रमुक 75-95, अन्नाद्रमुक128-147, टीवीके 8-15 का अनुमान लगाया है।

असम: भाजपा 83-94 सीट, कांग्रेस 23-32 सीट, एआईयूडीएफ 2-5 सीट और अन्य 1-4 सीट

पूर्वोत्तर के सबसे बड़े राज्य असम में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और उसके नेतृत्व में एनडीए गठबंधन स्पष्ट बहुमत के साथ वापसी करता नजर आ रहा है। किसी भी सर्वे ने सत्ता परिवर्तन की बात नहीं की है। राज्य की 126 सीटों में बहुमत का आंकड़ा 64 है।

असम में एक्सिस माई इंडिया ने भाजपा को 88-100, कांग्रेस को 24-36, अन्य को 0-3 सीटें दी हैं। मैट्रिज ने भाजपा को 85-95, कांग्रेस को 25-32 और अन्य 6-12 दी हैं। पीपुल्स पल्स के अनुसार भाजपा 68-72, कांग्रेस 22-26, एआईयूडीएफ 3-5 सीटें ले सकती है। पी-मार्क ने भाजपा को 82-94, कांग्रेस को 30-40, अन्य को 1-5 सीटें दी हैं। पोल डायरी ने भाजपा 86-101, कांग्रेस 15-26, एआईयूडीएफ 2-5, अन्य 0-2 का अनुमान लगाया है। जेवीसी ने भाजपा 88-101, कांग्रेस 23-33, एआईयूडीएफ 2-5 का अनुमान लगाया है।

पुडुचेरी: एआईएनआरसी -भाजपा 16-19 सीट, द्रमुक-कांग्रेस 6-8 सीट, टीवीके 1-3 सीट और अन्य 2-7

पुडुचेरी केन्द्र शासित प्रदेश में वर्तमान में क्षेत्रीय पार्टी एनआरकांग्रेस के नेतृत्व में सरकार है। भाजपा इसकी सहयोगी पार्टी है। वहीं विपक्ष में द्रमुक है और उनकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस है। राज्य में फिर से एनडीए की वापसी होने की संभावना जताई गई है। 30 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 16 सीटें चाहिए।

पीपुल्स पल्स ने एआईएनआरसी-भाजपा को 15-18, द्रमुक-कांग्रेस को 6-8 सीटें दी हैं। एक्सिस माई इंडिया के अनुसार एआईएनआरसी-भाजपा 16-20, द्रमुक-कांग्रेस 6-8, टीवीके 2-4 और अन्य 1-3 सीटें ले जा सकते हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi