रांची, 10 जून (हि.स.)। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा विभाग ने 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन और निगरानी में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में बुधवार को दो चिकित्सकों को निलंबित कर दिया है।
विभाग ने इसे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।
निलंबित चिकित्सकों में बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनुप तिर्की और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लापुंग के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शिशिर कुमार विनायक शामिल हैं। दोनों चिकित्सकों को 108 एम्बुलेंस सेवा के प्रभावी संचालन, पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की रिपोर्ट में पाया गया कि दोनों चिकित्सकों ने प्रतिनियुक्ति आदेश के अनुरूप समय पर योगदान नहीं दिया और उन्हें सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में गंभीर उदासीनता बरती। रिपोर्ट में उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और सरकारी सेवा के अपेक्षित अनुशासन का पालन नहीं करने की बात भी सामने आई।
मामले को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रथम दृष्टया आरोपों को सही पाते हुए दोनों चिकित्सकों को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय क्षेत्रीय उपनिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची कार्यालय निर्धारित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी चलायी जाएगी और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

