Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
गांव की पगडंडी से निदेशक की कुर्सी तक, डॉ. आरके सिंह की प्रेरक उड़ान

गांव की पगडंडी से निदेशक की कुर्सी तक, डॉ. आरके सिंह की प्रेरक उड़ान

मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। चुनार तहसील के छोटे से गांव रामगढ़ की मिट्टी में पले-बढ़े एक किसान पुत्र ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर ऐसी ऊंचाई हासिल की है, जिस पर आज पूरा मीरजापुर गर्व महसूस कर रहा है।

प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह को उत्तराखंड शासन ने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का निदेशक नियुक्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से चुनार क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद में खुशी और गौरव का माहौल है।

सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बलिराम सिंह के तीन पुत्रों में सबसे बड़े डॉ. आरके सिंह ने साबित कर दिया कि सपनों की उड़ान के लिए बड़े शहर नहीं, बल्कि बड़ा हौसला जरूरी होता है। गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ उनका सफर आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद तक पहुंच गया है।

डॉ. सिंह का चयन वर्ष 1997 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से पौध संरक्षण अधिकारी के पद पर हुआ था। वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद उन्होंने वहां कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में अपनी सेवाओं का नया अध्याय शुरू किया। अपने उत्कृष्ट कार्य, वैज्ञानिक सोच और प्रशासनिक दक्षता के बल पर उन्होंने लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ीं। वर्ष 2008 में उप निदेशक, 2017 में संयुक्त निदेशक, 2020 में अपर निदेशक और अब वर्ष 2026 में विभाग के सर्वोच्च पद निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति हुई है।

उनकी शैक्षिक यात्रा भी संघर्ष और सफलता की प्रेरक कहानी है। प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने हाईस्कूल की पढ़ाई श्री शिवाजी नेशनल इंटर कॉलेज, हांसीपुर तथा इंटरमीडिएट राजकीय इंटर कॉलेज, जक्खिनी (वाराणसी) से पूरी की। इसके बाद चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से कृषि विज्ञान में परास्नातक तथा नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

अपनी सफलता पर डॉ. आरके सिंह ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। संसाधनों का अभाव कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकता, यदि व्यक्ति के भीतर लक्ष्य के प्रति समर्पण, कड़ी मेहनत और सीखने की ललक हो। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि गांवों में रहने वाले युवाओं के लिए एक संदेश है कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरे मनोयोग से प्रयास करें।

डॉ. सिंह की नियुक्ति पर क्षेत्रीय विधायक अनुराग सिंह, पूर्व विधायक जगदंबा सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख नारायनपुर चंद्रप्रकाश सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनमोल सिंह, इंजीनियर राजबहादुर सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

रामगढ़ गांव से निकलकर उत्तराखंड के एक महत्वपूर्ण विभाग के शीर्ष पद तक पहुंचने वाले डॉ. आरके सिंह आज उन हजारों ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi